भोपाल-रीवा और भोपाल-पटना समेत इन रूट पर उड़ान
भोपाल। मध्य प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में रविवार से चार नई सीधी उड़ान सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर आयोजित कार्यक्रम में इन हवाई सेवाओं का शुभारंभ करेंगे। नई उड़ानों से प्रदेश के शहरों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ दूसरे राज्यों के प्रमुख शहरों तक पहुंच भी आसान होगी।
नई हवाई सेवाओं में भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता रूट शामिल हैं। इन सभी मार्गों पर उड़ानों का संचालन एलायंस एयर की ओर से किया जाएगा।
हर राउंड ट्रिप पर 10 लाख रुपए तक VGF
मध्य प्रदेश सिविल एविएशन पॉलिसी के तहत राज्य सरकार इन उड़ानों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रत्येक राउंड ट्रिप पर अधिकतम 10 लाख रुपए तक की वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) उपलब्ध कराएगी। सरकार का उद्देश्य ऐसे हवाई मार्गों को बढ़ावा देना है, जिनसे प्रदेश के प्रमुख शहरों की कनेक्टिविटी देश के दूसरे हिस्सों से बेहतर हो सके।
8 हवाई मार्गों को मिली मंजूरी
राज्य की विमानन नीति के तहत अब तक कुल 8 हवाई मार्गों को मंजूरी दी गई है। इनमें से चार रूट पर उड़ान सेवाएं पहले ही शुरू हो चुकी हैं। इनमें रीवा-दिल्ली, रीवा-इंदौर, रीवा-रायपुर और इंदौर-अबूधाबी शामिल हैं।
अब बाकी चार मार्गों पर भी सेवाएं शुरू होने से प्रदेश का हवाई नेटवर्क और विस्तृत होगा।
भोपाल-रीवा फ्लाइट से विंध्य को फायदा
भोपाल-रीवा के बीच सीधी उड़ान शुरू होने से राजधानी और विंध्य क्षेत्र के बीच हवाई संपर्क मजबूत होगा। अभी इस क्षेत्र के यात्रियों को कई बार लंबी दूरी की सड़क या रेल यात्रा पर निर्भर रहना पड़ता है। सीधी फ्लाइट शुरू होने से यात्रा का समय कम होने और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
वहीं भोपाल-पटना सीधी उड़ान का लाभ मध्य प्रदेश में रहने वाले बिहार के लोगों के साथ यात्रियों, व्यापारियों और कारोबारियों को भी मिलेगा। दोनों शहरों के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू होने से आवागमन अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है।
पर्यटन और कारोबार को मिलेगी रफ्तार
सरकार का मानना है कि नई हवाई सेवाओं के विस्तार से प्रदेश में पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। खासकर रीवा और जबलपुर जैसे शहरों को कोलकाता से जोड़ने से पूर्वी भारत के साथ कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
राज्य सरकार की विमानन नीति के तहत मध्य प्रदेश के अलग-अलग शहरों को देश और विदेश के प्रमुख गंतव्यों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य यात्रियों को बेहतर, सुविधाजनक और समय की बचत वाली हवाई यात्रा उपलब्ध कराना है।


