ओरछा। श्रीराम राजा की नगरी ओरछा में भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक सोमवार को संपन्न हुई। बैठक के समापन के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने प्रेस-ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यसमिति में संगठन और विचारधारा को और अधिक मजबूत करने के साथ हर वर्ग और हर क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर व्यापक विचार-मंथन हुआ। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय सह मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल भी उपस्थित थे।
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि पार्टी सेवा, सुशासन और सामाजिक समरसता के साथ मध्यप्रदेश को विकसित और आत्मनिर्भर राज्य बनाने की दिशा में आगे बढ़ेगी। बैठक में युवा, महिलाएं, किसान, आदिवासी तथा अनुसूचित जाति-जनजाति वर्गों के साथ उद्योग, रोजगार और विकास से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।
विकसित भारत 2047 और समरसता अभियान पर जोर
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कार्यसमिति में ‘समरसता का संकल्प’ और ‘विकसित भारत-2047’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई। संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान के माध्यम से समाज में समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश पहुंचाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के लोकसेवा कार्यकाल का अभिनंदन भी किया गया। उनके सेवा, सुशासन, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
किसान कल्याण और सरकार के कामकाज पर चर्चा
हेमंत खण्डेलवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरकार के ढाई वर्ष के कार्यकाल का लेखा-जोखा कार्यसमिति के सामने रखा। उन्होंने बताया कि 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई, बिजली और कृषि उत्पादन में वृद्धि पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इसके अलावा लाड़ली बहना योजना, शिक्षा, मेडिकल कॉलेज, रोजगार, औद्योगिक विकास, जल संरक्षण, सड़क, पर्यटन और अधोसंरचना से जुड़े कार्यों की जानकारी भी दी गई।
केन-बेतवा परियोजना को बताया ऐतिहासिक कदम
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केन-बेतवा परियोजना बुंदेलखंड के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। इससे क्षेत्र में सिंचाई, पेयजल और विद्युत सुविधाओं का विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि ओरछा की पावन धरती से बुंदेलखंड की गौरवशाली विरासत और विकास की नई संभावनाओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया है।
उन्होंने कहा कि श्रीराम भाजपा के आराध्य हैं और सरकार ने ओरछा के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये की योजना बनाई है।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का संकल्प
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कार्यसमिति में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा कार्यों को जनता तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है। कार्यकर्ताओं से विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए पूरी शक्ति से जुटने का आह्वान किया गया।


