भोपाल। मध्यप्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग में पदोन्नति को लेकर चल रहा विवाद आखिरकार बड़े प्रशासनिक फैसले तक पहुंच गया है। विभाग ने 169 पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञों (वेटरनरी डॉक्टरों) की पदोन्नति निरस्त कर दी है। इस संबंध में 13 अगस्त को जारी आदेश को 24 नवंबर को वापस ले लिया गया। पदोन्नति निरस्त होने से प्रथम श्रेणी के पदों पर पहुंच चुके अधिकारियों को बड़ा झटका लगा है। विभाग ने इन अधिकारियों की प्रशासनिक आधार पर नई जगह अस्थायी पदस्थापना भी कर दी है।
दरअसल, विभाग में 186 रिक्त पदों पर पदोन्नति के लिए 27 जुलाई को विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक आयोजित की गई थी। समिति की अनुशंसा के बाद 13 अगस्त को 169 अधिकारियों को पदोन्नति देने के आदेश जारी हुए थे। हालांकि, आदेश जारी होते ही वरिष्ठता सूची, आरक्षण और पदोन्नति नियमों के पालन को लेकर विवाद शुरू हो गया था। शिकायतों के बाद विभागीय प्रक्रिया सवालों के घेरे में आ गई।
186 पदों के लिए 543 अधिकारियों पर विचार का आरोप
सामान्य, पिछड़ा और अल्पसंख्यक वर्ग अधिकारी-कर्मचारी संस्था (सपाक्स) ने पदोन्नति प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से शिकायत की थी। संस्था का कहना था कि 186 रिक्त पदों के लिए नियमानुसार 376 अधिकारियों को ही विचार क्षेत्र में शामिल किया जाना चाहिए था, लेकिन विभाग ने वरिष्ठता सूची में 543वें क्रम तक के अधिकारियों के नामों पर विचार किया।
सपाक्स ने करीब 30 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस के आधार पर पदोन्नति प्रक्रिया से बाहर रखने और आरक्षित तथा अनारक्षित पदों की गणना में गड़बड़ी के आरोप भी लगाए थे। संस्था ने पूरी प्रक्रिया की समीक्षा कर नियमों के अनुरूप पदोन्नति करने की मांग की थी। इन्हीं आपत्तियों के चलते पदोन्नति आदेश की वैधानिकता और प्रक्रिया पर सवाल उठते रहे।
वेटरनरी डॉक्टर्स एसोसिएशन पहुंचा था हाईकोर्ट
पदोन्नति पाने वाले अधिकारियों की ओर से भी इस मामले में कानूनी लड़ाई शुरू की गई थी। वेटरनरी डॉक्टर्स एसोसिएशन ने पदोन्नति आदेश निरस्त किए जाने की आशंका जताते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। संगठन का तर्क था कि किसी भी अधिकारी के खिलाफ प्रतिकूल कार्रवाई करने से पहले उसका पक्ष सुना जाना चाहिए।
सितंबर में हाईकोर्ट ने याचिका खारिज कर दी थी। अदालत ने कहा था कि उस समय सरकार ने पदोन्नति आदेश निरस्त करने का कोई निर्णय नहीं लिया था। केवल आशंका के आधार पर न्यायालय हस्तक्षेप नहीं कर सकता। हालांकि, अदालत ने यह छूट दी थी कि भविष्य में कोई प्रतिकूल आदेश जारी होने पर प्रभावित अधिकारी उसे चुनौती दे सकते हैं।
नई जगहों पर अस्थायी पदस्थापना
विभाग ने 24 नवंबर को पदोन्नति आदेश निरस्त करने के साथ संबंधित अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश भी जारी किए हैं। डॉ. ममता सगर को मंदसौर जिले के गरोठ, डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह पेंड्रो को उमरिया के घुनघुटी, डॉ. जगवीर सिंह कनेश को खरगोन के धरगांव और डॉ. लोकेंद्र सिंह चौहान को महेश्वर के चल चिकित्सालय में पदस्थ किया गया है।
इसी तरह डॉ. नानासिंह अखाड़े को गोगावां, डॉ. कुंवरसिंह भयडय़िा को अलीराजपुर के जोबट, डॉ. कन्हैयालाल डामोर को झाबुआ की मोबाइल यूनिट तथा डॉ. ज्योति मार्को और डॉ. कृति धुर्वे को मंडला स्थित कुक्कुट गर्भाधान प्रशिक्षण संस्थान भेजा गया है।
डॉ. मानसिंह बामनिया को खरगोन के रोडिया स्थित पशु प्रजनन प्रक्षेत्र, डॉ. सुषमा शेलू को खंडवा के मूंदी, डॉ. कड़वा चौहान को खंडवा के रोग अनुसंधान केंद्र और डॉ. रमेश भूरिया को झाबुआ पशु चिकित्सालय में जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा डॉ. लीलाराम सिसोदिया को धार के धरमपुरी, डॉ. नितिन कुमार सीजर को नर्मदापुरम के केसला, डॉ. सुभाष चन्द्र खलना को खरगोन की डीआई लैब, डॉ. रविन्द्र नरें को सिवनी के धनौरा और डॉ. दीपलता माजी को राजगढ़ के मलावर में पदस्थ किया गया है। डॉ. अमर ज्योति टोप्पो को रायसेन पशु चिकित्सालय, डॉ. प्रतीक्षा को नरसिंहपुर स्थित उपसंचालक कार्यालय और डॉ. कीर्ति को बैतूल के पाढर भेजा गया है।
विभाग के आदेश के मुताबिक सभी अधिकारी आगामी आदेश तक नई पदस्थापना पर कार्य करेंगे। अब इस मामले में आगे की विभागीय कार्रवाई और प्रभावित अधिकारियों की संभावित कानूनी चुनौती पर नजर रहेगी।


