भोपाल। मध्यप्रदेश में सड़क नेटवर्क के विस्तार को लेकर सरकार ने विदिशा जिले को बड़ी सौगात दी है। भोपाल-विदिशा के बीच 1757 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा मेलहुआ-बीना-खिमलासा-मालथोन मार्ग पर 3272 करोड़ और अहमदपुर-विदिशा मार्ग पर 112 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन तीनों परियोजनाओं से विदिशा और गंजबासौदा क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इन सड़क परियोजनाओं से भोपाल और विदिशा के बीच आवागमन सुगम होगा। साथ ही क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों और विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी। परियोजनाओं की मंजूरी पर गंजबासौदा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर उनका अभिनंदन किया। विधायक हरिसिंह रघुवंशी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का आभार जताया।
भोपाल मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र से जुड़ेगा विदिशा
मुख्यमंत्री ने कहा कि विदिशा के भोपाल मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र में शामिल होने से विकास के नए अवसर पैदा होंगे। इससे भोपाल का सीहोर, रायसेन, राजगढ़ और नर्मदापुरम जिलों से संपर्क भी बेहतर होगा।
उन्होंने कहा कि जिस तरह इंदौर और उज्जैन के बीच बेहतर सड़क संपर्क से दोनों शहरों के विकास को गति मिली है, उसी तरह भोपाल और विदिशा के बीच मजबूत कनेक्टिविटी भी विकास के नए रास्ते खोलेगी।
नई सड़कों से किसानों को अपनी उपज मंडियों और बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा होगी। विद्यार्थियों सहित आम नागरिकों का आवागमन भी आसान होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में फोरलेन सड़कों के निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है। सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से लोगों का जीवन सुगम बनाने की दिशा में सरकार काम कर रही है।
दो साल में दो लाख सरकारी भर्तियों का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने हर वर्ग के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। करीब एक लाख पदों पर नियुक्ति की पहल की गई है, जबकि अगले दो वर्षों में दो लाख सरकारी भर्तियां करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में बड़े पैमाने पर पदोन्नतियां, चिकित्सा महाविद्यालयों का विस्तार, चिकित्सकों के स्थायी पदों पर नियुक्ति और फूड पार्क शुरू करने जैसे कदम उठाए गए हैं।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, लोकसेवा आयोग की परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित करने, वृंदावन ग्राम और गीता भवन शुरू करने तथा खेती-किसानी को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार और समाज मिलकर प्रदेश में पर्व-त्योहारों को उत्साह के साथ मना रहे हैं।


