An empire of illegal gas refilling; questions raised over the administration’s silence; रसोई गैस जैसी बुनियादी जरूरत अगर आम आदमी की पहुंच से बाहर होने लगे और उसकी कमी का फायदा उठाकर अवैध कारोबारियों का साम्राज्य खड़ा हो जाए तो इसे महज बाजार की समस्या नहीं कहा जा सकता। यह सीधे तौर पर व्यवस्था की विफलता और प्रशासनिक जवाबदेही का सवाल है। भोपाल में अवैध गैस रिफिलिंग के सामने आए मामले ने इसी सच्चाई को उजागर किया है।
पिछले दस महीने से नए घरेलू गैस कनेक्शन नहीं मिलने के कारण अकेले भोपाल में 25 हजार से अधिक उपभोक्ता इंतजार कर रहे हैं। प्रदेश में यह संख्या ढाई लाख के पार बताई जा रही है। इस कथित किल्लत ने अवैध रिफिलिंग के कारोबारियों को मनमानी कीमत वसूलने का मौका दे दिया है। छोटे सिलेंडरों में गैस भरने के नाम पर 200 रुपए प्रति किलो तक वसूले जा रहे हैं। दुकानदारों को खुलेआम गैस भरते और इसकी कीमत तय करते देखा गया। कुछ दुकानदारों ने गैस एजेंसियों के हॉकर्स से सिलेंडर मिलने की बात भी कही है।
सबसे गंभीर पहलू केवल कालाबाजारी नहीं, बल्कि इससे जुड़ा जानलेवा खतरा है। घरेलू सिलेंडर से छोटे सिलेंडरों में अवैध तरीके से गैस भरना किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा है। रिहायशी इलाकों और बाजारों में बिना सुरक्षा इंतजामों के चल रहे ऐसे ठिकाने कभी भी आगजनी और विस्फोट की वजह बन सकते हैं। ऐसी स्थिति में जान-माल का नुकसान केवल उस दुकान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आसपास के परिवारों को भी इसकी कीमत चुकानी पड़ सकती है।
सवाल यह है कि शहर के अलग-अलग इलाकों में खुलेआम चल रहे इस कारोबार की भनक जिम्मेदार अधिकारियों को क्यों नहीं है? यदि दुकानदारों को गैस की नियमित आपूर्ति हो रही है तो उसकी निगरानी कौन कर रहा है? एजेंसियों के हॉकर्स की भूमिका की जांच क्यों नहीं होनी चाहिए? यह मानना कठिन है कि इतने बड़े पैमाने पर चल रहे अवैध कारोबार से प्रशासन पूरी तरह अनजान हो।
सरकार और प्रशासन को नए कनेक्शन की उपलब्धता से जुड़ी समस्या का समाधान करने के साथ अवैध रिफिलिंग के पूरे नेटवर्क की जांच करनी चाहिए। गैस एजेंसियों से लेकर आपूर्ति करने वाले कर्मचारियों तक जवाबदेही तय होनी चाहिए। केवल छोटी दुकानों पर कार्रवाई करके इस सिंडिकेट को समाप्त नहीं किया जा सकता।
आखिर रसोई गैस कोई विलासिता नहीं, बल्कि आम परिवार की अनिवार्य जरूरत है। उसकी कमी को कालाबाजारी का अवसर बनाने वालों पर कठोर कार्रवाई जरूरी है। नागरिकों की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इस जिम्मेदारी से मुंह मोड़ना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता।


