दतिया। मध्य प्रदेश की सबसे चर्चित विधानसभा सीटों में शामिल दतिया उपचुनाव में कांग्रेस ने अपनी पकड़ बरकरार रखते हुए बड़ी जीत दर्ज की है। कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को 6,016 मतों से पराजित कर सीट अपने नाम कर ली। यह चुनाव पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के राजनीतिक प्रभाव वाले क्षेत्र में होने के कारण पूरे प्रदेश की नजरों में रहा।
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, 15 दौर की मतगणना के बाद कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह को 66,757 वोट, जबकि भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को 60,741 वोट मिले। आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवार दामोदर यादव 22,527 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
चुनाव में कांग्रेस को 42.39 प्रतिशत, भाजपा को 38.57 प्रतिशत और आजाद समाज पार्टी को 14.30 प्रतिशत वोट मिले। दतिया विधानसभा क्षेत्र में इस बार 71.44 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
भाजपा ने इस उपचुनाव में पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट बदलते हुए आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया था, जबकि कांग्रेस ने घनश्याम सिंह पर भरोसा जताया। शुरुआती दौर से ही कांग्रेस बढ़त बनाए रही। हालांकि अंतिम चरणों में भाजपा ने अंतर कम किया, लेकिन जीत कांग्रेस के खाते में गई।
जीत के बाद घनश्याम सिंह ने दतिया की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जनविश्वास की जीत है। उन्होंने दावा किया कि इस परिणाम का असर आने वाले विधानसभा चुनावों में भी दिखाई देगा और दतिया का संदेश पूरे प्रदेश तक पहुंचेगा।


