भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव में मिली हार के बाद मध्य प्रदेश भाजपा ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लिया है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर दतिया भाजपा की पूरी जिला संगठनात्मक इकाई को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। यह कार्रवाई उपचुनाव परिणामों की समीक्षा के लिए गठित दो सदस्यीय समिति की अनुशंसा के आधार पर की गई है।
पार्टी ने जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह को आदेश जारी करते हुए जिला अध्यक्ष, जिला पदाधिकारियों और पूरी जिला कार्यकारिणी को उनके दायित्वों से मुक्त कर दिया है। इसके साथ ही सभी मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प और विभागों को भी तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है।
इससे पहले मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री निवास पर दतिया उपचुनाव की हार को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई थी। बैठक में चुनाव के दौरान कथित भीतरघात और संगठनात्मक कमजोरियों पर विस्तार से चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार, भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने भी कुछ ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य तथ्यों के साथ अपना पक्ष रखा। कुछ स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए।
भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी 6,016 वोटों से हारे
दतिया उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को 6,016 वोटों से हराया। कांग्रेस को 66,757 वोट मिले, जबकि भाजपा को 60,741 मत प्राप्त हुए। आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवार दामोदर यादव 22,527 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। चुनाव परिणाम के बाद भाजपा ने संगठनात्मक जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया तेज कर दी है।



