भोपाल। मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन स्थलों के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भोपाल के टीआईटी कॉलेज परिसर में शुक्रवार को जिला स्तरीय पर्यटन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले की 238 टीमों के 714 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का पहला चरण लिखित परीक्षा के रूप में आयोजित हुआ। इसके बाद सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छह टीमों ने मल्टीमीडिया क्विज राउंड में जगह बनाई। इस दौर में मध्य प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों, संस्कृति और लोक परंपराओं से जुड़े ऑडियो-विजुअल प्रश्न पूछे गए, जिनका प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिया।
कड़े मुकाबले के बाद शासकीय उच्चतर माध्यमिक कन्या संस्कृत विद्यालय, भेल बरखेड़ा ने प्रथम स्थान हासिल किया। सागर पब्लिक स्कूल, साकेत नगर दूसरे और सागर पब्लिक स्कूल, रोहित नगर तीसरे स्थान पर रहे।
प्रतियोगिता में शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवाजी नगर ने चौथा, शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बरखेड़ी जहांगीराबाद ने पांचवां तथा सागर पब्लिक स्कूल, गांधीनगर ने छठा स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्रीमती ईला तिवारी, पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. एस.के. श्रीवास्तव, जिला शिक्षा अधिकारी अभिनव आर्य, जिला पंचायत भोपाल के संयुक्त सचिव संदीप श्रीवास्तव, क्विज मास्टर श्रीमती सुनीता तोमर, राज्य समन्वयक रविकांत ठाकुर तथा प्रदीप सेन सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन स्थलों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत लोक सांस्कृतिक एवं देशभक्ति आधारित प्रस्तुतियों ने आयोजन को उत्सवमय बना दिया।


