नगरीय निकाय चुनाव 2027 से पहले सरकार ले सकती है बड़ा फैसला
बैतूल। मध्यप्रदेश में वर्ष 2027 के नगरीय निकाय चुनाव से पहले बैतूल को नगर निगम का दर्जा मिलने की संभावना तेज हो गई है। नगरीय विकास एवं आवास विभाग के निर्देश पर जिला प्रशासन ने नगर निगम गठन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। प्रस्तावित सीमा में शामिल की जाने वाली 26 ग्राम पंचायतों का प्रशासनिक सर्वे, कर्मचारियों का विवरण और अन्य आवश्यक आंकड़े जुटाए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, कलेक्टर की रिपोर्ट के आधार पर राज्य सरकार बैतूल को नगर निगम घोषित करने पर अंतिम निर्णय लेगी। राजनीतिक दृष्टि से भी यह मामला महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि बैतूल विधानसभा क्षेत्र वर्तमान में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का निर्वाचन क्षेत्र है।
26 ग्राम पंचायतें हो सकती हैं नगर निगम सीमा में शामिल
प्रस्तावित नगर निगम क्षेत्र में कढ़ाई, दनोरा (भ), बड़ोरा, आरूल, बाजपुर, भैंसदेही, खेड़ली, मरामझिरी, टेमनी, जामठी, खेड़ला, डहरगांव, खेड़ी सांवलीगढ़, महदगांव, भड़ूस, कुम्हारटेक, भोगीतेड़ा, रोढ़ा, सूरगांव, भरकावाड़ी, खंडारा, मलकापुर, मिलानपुर, बयावाड़ी, ढोड़वाड़ा और खड़ला ग्राम पंचायतों को शामिल किए जाने का प्रस्ताव है।
पंचायत कर्मचारियों का डेटा तैयार
जनपद पंचायत बैतूल की मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने प्रस्तावित ग्राम पंचायतों में कार्यरत पंचायत सचिव, रोजगार सहायक सहित अन्य कर्मचारियों की जानकारी एकत्र कर प्रशासन को भेज दी है। बताया जा रहा है कि इस संबंध में जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच प्रारंभिक चर्चा भी हो चुकी है।
छह माह में हो सकता है अंतिम फैसला
यदि राज्य सरकार प्रस्ताव को मंजूरी देती है तो कैबिनेट की स्वीकृति के बाद संबंधित ग्राम पंचायतों को नगर निगम सीमा में शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही इन क्षेत्रों की मतदाता सूची पंचायत से हटाकर नगर निगम की मतदाता सूची में जोड़ी जाएगी। पूरी प्रक्रिया के दौरान आबादी और अन्य वैधानिक मानकों की भी जांच होगी।
प्रदेश में बढ़ सकती है नगर निगमों की संख्या
वर्तमान में मध्यप्रदेश में 16 नगर निगम हैं। मुख्यमंत्री पहले ही विदिशा को नगर निगम बनाने की घोषणा कर चुके हैं। अब बैतूल को भी नगर निगम का दर्जा मिलने की संभावनाएं बढ़ गई हैं। यदि प्रक्रिया समय पर पूरी हुई तो वर्ष 2027 के नगरीय निकाय चुनाव बैतूल नगर निगम के रूप में कराए जा सकते हैं।
#Betul #BetulNews #NagarNigam #MadhyaPradesh #MPNews #UrbanDevelopment #MunicipalCorporation #HemantKhandelwal #LocalBodyElection #BreakingNews


