ACC ने जारी किया नियुक्ति आदेश, अब मप्र में स्थायी मुख्य सचिव की नियुक्ति की प्रक्रिया तेज होने के आसार
भोपाल। Anurag Jain NITI Aayog CEO मध्य प्रदेश के निवर्तमान मुख्य सचिव अनुराग जैन को केंद्र सरकार ने बड़ा दायित्व सौंपते हुए नीति आयोग का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। बुधवार शाम अपॉइंटमेंट कमेटी ऑफ द कैबिनेट (ACC) ने उनकी नियुक्ति का आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार, वे पदभार ग्रहण करने की तारीख से अगले दो वर्षों तक नीति आयोग के CEO के रूप में कार्य करेंगे।
अनुराग जैन की नई नियुक्ति के बाद मध्य प्रदेश सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने 1991 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अशोक बर्णवाल को तत्काल प्रभाव से राज्य का कार्यवाहक मुख्य सचिव नियुक्त कर दिया है। उनकी नियुक्ति अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।
1989 बैच के मध्य प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी
अनुराग जैन को 3 अक्टूबर 2024 को राज्य का मुख्य सचिव बनाया गया था। वर्ष 2025 में सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें एक वर्ष का सेवा विस्तार दिया गया था। उनका कार्यकाल 31 अगस्त 2026 तक निर्धारित था, लेकिन नीति आयोग में नियुक्ति के बाद उन्होंने नई जिम्मेदारी संभालने का रास्ता साफ कर दिया है।
अब नए मुख्य सचिव की नियुक्ति पर नजर
अनुराग जैन के केंद्र में जाने के बाद मध्य प्रदेश में स्थायी मुख्य सचिव की नियुक्ति की प्रक्रिया तेज होने की संभावना है। पहले यह नियुक्ति सितंबर के अंत या अक्टूबर की शुरुआत में प्रस्तावित थी, लेकिन अब सरकार जुलाई में ही नए मुख्य सचिव के नाम पर निर्णय ले सकती है।
राजौरा सबसे आगे, कई वरिष्ठ अधिकारियों के नाम चर्चा में
मुख्य सचिव पद की दौड़ में वर्तमान में डॉ. राजेश कुमार राजौरा सबसे वरिष्ठ अधिकारी हैं और वरिष्ठता के आधार पर उनकी दावेदारी सबसे मजबूत मानी जा रही है। इसके अलावा केंद्र में पदस्थ मनोज गोविल और पंकज अग्रवाल के नाम भी संभावित दावेदारों में शामिल हैं।
वहीं, अपर मुख्य सचिव स्तर के अधिकारियों मनु श्रीवास्तव और नीरज मंडलोई के नाम भी प्रशासनिक हलकों में चर्चा में हैं। हालांकि, राज्य के नए मुख्य सचिव की नियुक्ति का अंतिम निर्णय केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद ही होगा।



