भोपाल। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भोपाल को नया कार्यकारी निदेशक मिल गया है। केंद्र सरकार की कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) नरेंद्र कोटवाल को एम्स भोपाल का नया कार्यकारी निदेशक नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है। केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की ओर से जारी आदेश के अनुसार उनकी नियुक्ति तीन साल के लिए की गई है।
नरेंद्र कोटवाल की नियुक्ति उनके कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होगी। हालांकि, वे 70 वर्ष की आयु पूरी होने या केंद्र सरकार के अगले आदेश, इनमें से जो पहले हो, तक ही पद पर रहेंगे। उनकी नियुक्ति अनुबंध के आधार पर लेवल-15 वेतन मैट्रिक्स में कार्यकारी निदेशक के पद पर की गई है।
डॉ. माधवानंद के पास था अतिरिक्त प्रभार
नरेंद्र कोटवाल की नियुक्ति से पहले एम्स दरभंगा के कार्यकारी निदेशक डॉ. माधवानंद के पास एम्स भोपाल के कार्यकारी निदेशक का अतिरिक्त प्रभार था। नए कार्यकारी निदेशक के कार्यभार संभालने के बाद यह अतिरिक्त जिम्मेदारी समाप्त हो जाएगी।
AFMC पुणे के निदेशक और कमांडेंट रह चुके हैं कोटवाल
लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) नरेंद्र कोटवाल के पास चिकित्सा क्षेत्र के साथ-साथ सैन्य चिकित्सा प्रशासन का लंबा अनुभव है। वे पुणे स्थित आर्म्ड फोर्सेस मेडिकल कॉलेज (AFMC) के निदेशक और कमांडेंट के पद पर रह चुके हैं।
वर्तमान में वे पंचकूला स्थित पारस हेल्थ में एंडोक्राइनोलॉजी विभाग के निदेशक के रूप में कार्य कर रहे हैं। चिकित्सा, प्रशासन और सैन्य स्वास्थ्य सेवाओं में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए एम्स भोपाल में उनकी नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
एम्स विजयपुर के कार्यकारी निदेशक भी नियुक्त
केंद्र सरकार ने इसी आदेश में एम्स विजयपुर (सांबा), जम्मू के कार्यकारी निदेशक पद पर डॉ. संजीव सिन्हा की नियुक्ति को भी मंजूरी दी है। डॉ. संजीव सिन्हा वर्तमान में एम्स नई दिल्ली के मेडिसिन विभाग में प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष हैं। उनकी नियुक्ति प्रतिनियुक्ति (डेप्युटेशन) के आधार पर की गई है।



