मुंबई। Toxic Box Office Collection लंबे इंतजार के बाद यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। रिलीज के साथ ही फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला और कई सिनेमाघरों में भीड़ देखने को मिली। इसका सीधा असर बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर नजर आया। फिल्म ने पहले ही दिन 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर शानदार शुरुआत की।
‘टॉक्सिक’ ने पहले दिन बनाया बड़ा रिकॉर्ड
सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, ‘टॉक्सिक’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन 101.10 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। फिल्म ने पहले दिन की कमाई के मामले में ‘पठान’ के 57 करोड़, ‘एनिमल’ के 63.80 करोड़, ‘जवान’ के 75 करोड़ और ‘कल्कि 2898 एडी’ के 95.30 करोड़ रुपये के ओपनिंग कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है।
भाषा के लिहाज से देखें तो फिल्म ने हिंदी में 55 करोड़, कन्नड़ में 23.30 करोड़, तेलुगु में 16 करोड़, तमिल में 5.50 करोड़ और मलयालम में 1.30 करोड़ रुपये कमाए।
वर्ल्डवाइड भी शानदार शुरुआत
‘टॉक्सिक’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर ग्रॉस 120.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि ओवरसीज मार्केट से 20 करोड़ रुपये की कमाई हुई। इस तरह फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 140.75 करोड़ रुपये पहुंच गया।
‘आवारापन 2’ की कमाई पर पड़ा असर
यश की ‘टॉक्सिक’ की रिलीज का असर दूसरी फिल्मों के कलेक्शन पर भी दिखाई दे रहा है। इमरान हाशमी और दिशा पाटनी की ‘आवारापन 2’ की कमाई में दूसरे बुधवार को बड़ी गिरावट दर्ज हुई।
फिल्म ने पहले हफ्ते में 113.50 करोड़ रुपये कमाए थे। दूसरे मंगलवार को 3.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन करने के बाद बुधवार को इसकी कमाई घटकर महज 90 लाख रुपये रह गई। फिल्म का कुल कलेक्शन अब 143.65 करोड़ रुपये हो गया है।
‘इनसिडियस’ की कमाई भी घटी
हॉरर फिल्म ‘इनसिडियस: आउट ऑफ द फर्दर’ की कमाई भी लगातार कमजोर हो रही है। फिल्म ने ओपनिंग डे पर 2.85 करोड़ रुपये कमाए थे। पांचवें दिन इसका कलेक्शन 1.89 करोड़ रुपये रहा, जबकि छठे दिन फिल्म ने सिर्फ 50.70 लाख रुपये कमाए।
फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन अब 16.26 करोड़ रुपये हो चुका है।
‘इरुमुडी’ का जलवा बरकरार
रवि तेजा की फिल्म ‘इरुमुडी’ 21 अगस्त को रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने मंगलवार को 12.20 करोड़ रुपये कमाए, जबकि बुधवार को 10.20 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।
इसके साथ ही ‘इरुमुडी’ का कुल कलेक्शन 85.25 करोड़ रुपये पहुंच गया है। मौजूदा रफ्तार को देखते हुए फिल्म जल्द ही 100 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल हो सकती है।


