मुंबई। हिंदी सिनेमा के जाने-माने फिल्म निर्देशक और अभिनेत्री अरुणा ईरानी के पति कुकू कोहली का मंगलवार, (25 अगस्त) रात 77 वर्ष की उम्र में हार्ट अटैक से निधन हो गया। बुधवार को मुंबई के ओशिवारा श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। बॉलीवुड की कई हस्तियों ने अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कुकू कोहली की पत्नी और दिग्गज अभिनेत्री अरुणा ईरानी पति के अंतिम संस्कार के दौरान बेहद भावुक नजर आईं। परिवार और करीबी लोगों ने उन्हें संभाला। फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई कलाकार और निर्देशक भी कुकू कोहली को अंतिम विदाई देने ओशिवारा श्मशान घाट पहुंचे।
विक्की कौशल और कैटरीना कैफ ने दी श्रद्धांजलि
कुकू कोहली के अंतिम दर्शन के लिए अभिनेता विक्की कौशल और अभिनेत्री कैटरीना कैफ भी पहुंचे। दोनों ने दिवंगत निर्देशक को श्रद्धांजलि दी। फिल्ममेकर रोहित शेट्टी और अभिनेत्री शरवरी ने भी अंतिम संस्कार में शामिल होकर उन्हें आखिरी विदाई दी।
जावेद अख्तर और शबाना आजमी भी पहुंचे
लेखक और गीतकार जावेद अख्तर तथा अभिनेत्री शबाना आजमी ने भी ओशिवारा श्मशान घाट पहुंचकर कुकू कोहली को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान बॉलीवुड के कई अन्य कलाकार और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग भी मौजूद रहे।
अजय देवगन को दिया था बड़ा ब्रेक
कुकू कोहली को अभिनेता अजय देवगन के करियर को लॉन्च करने वाले निर्देशक के तौर पर भी याद किया जाता है। उन्होंने वर्ष 1991 में रिलीज हुई फिल्म ‘फूल और कांटे’ से अजय देवगन को बतौर अभिनेता लॉन्च किया था। फिल्म में अजय देवगन की दो चलती मोटरसाइकिलों पर पैर फैलाकर की गई एंट्री आज भी बॉलीवुड के चर्चित स्टंट में गिनी जाती है।
‘सुहाग’ समेत इन फिल्मों का किया निर्देशन
कुकू कोहली ने वर्ष 1994 में अजय देवगन और अक्षय कुमार स्टारर ‘सुहाग’ का निर्देशन किया था। इसके अलावा उन्होंने ‘कोहराम’, ‘आंटी नंबर 1’ और ‘हकीकत’ जैसी फिल्मों का भी निर्देशन किया। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में उनका करियर कई दशकों तक रहा।


