मुंबई। Golmaal 5 : रोहित शेट्टी की लोकप्रिय Golmaal 5 फ्रेंचाइजी ‘गोलमाल’ एक बार फिर दर्शकों को हंसाने के लिए तैयार है। फिल्म के पांचवें भाग ‘गोलमाल 5’ की रिलीज डेट सामने आ गई है। अजय देवगन स्टारर यह फिल्म 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
रोहित शेट्टी ने शनिवार को सोशल मीडिया पर फिल्म की घोषणा करते हुए इसका टीजर साझा किया। निर्माताओं ने फिल्म की रिलीज डेट के साथ संदेश दिया—‘नया साल, नया पागलपन और वही गोलमाल।’ फिल्म में अजय देवगन के साथ अरशद वारसी, कुणाल खेमू, श्रेयस तलपड़े और तुषार कपूर भी नजर आएंगे।
20 साल बाद लौटेंगे शरमन जोशी
‘गोलमाल 5’ में अभिनेता शरमन जोशी की भी वापसी हो रही है। वह करीब 20 साल बाद इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनेंगे। शरमन जोशी 2006 में रिलीज हुई पहली फिल्म ‘गोलमाल: फन अनलिमिटेड’ में लक्ष्मण के किरदार में नजर आए थे। इसके बाद फ्रेंचाइजी की अगली तीन फिल्मों में वह दिखाई नहीं दिए।
अक्षय कुमार की भी होगी एंट्री
‘गोलमाल 5’ में अक्षय कुमार की एंट्री भी हुई है। रोहित शेट्टी ने सितंबर 2026 में अक्षय कुमार के जन्मदिन पर फिल्म में उनकी मौजूदगी की पुष्टि की थी। हालांकि, उनके किरदार से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। कुछ रिपोर्टों में अक्षय के नकारात्मक किरदार में नजर आने की संभावना जताई गई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
2006 में शुरू हुई थी ‘गोलमाल’ फ्रेंचाइजी
‘गोलमाल’ सीरीज की पहली फिल्म ‘गोलमाल: फन अनलिमिटेड’ वर्ष 2006 में रिलीज हुई थी। इसके बाद ‘गोलमाल रिटर्न्स’, ‘गोलमाल 3’ और ‘गोलमाल अगेन’ रिलीज हुईं। अब फ्रेंचाइजी की पांचवीं फिल्म के साथ अजय देवगन और रोहित शेट्टी की यह लोकप्रिय जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करेगी। ‘गोलमाल 5’ 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


