मुंबई। Drishyam 3 Box Office Collection: बॉक्स ऑफिस पर अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3’ का दबदबा बरकरार है। सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद से ही फिल्म शानदार कमाई कर रही है। वीकेंड पर इसके कलेक्शन में एक बार फिर उछाल देखने को मिला है। दुनियाभर में फिल्म की कमाई 450 करोड़ रुपये के करीब पहुंच गई है। वहीं, ‘हनुमान अंश’ की कमाई में भी तेजी आई है, जबकि सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म ‘द वन’ बॉक्स ऑफिस पर धीमी पड़ती नजर आ रही है।
‘द वन’ की कमाई 67 करोड़ के पार
सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया अभिनीत फिल्म ‘द वन’ को रिलीज हुए 16 दिन हो चुके हैं। शुरुआती दिनों के मुकाबले फिल्म की कमाई में गिरावट आई है और इसका कलेक्शन लाखों में सिमट गया था। हालांकि, वीकेंड पर फिल्म ने कुछ सुधार दर्ज किया।
शनिवार को फिल्म ने एक करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही इसका कुल घरेलू बॉक्स ऑफिस कलेक्शन बढ़कर 67.35 करोड़ रुपये हो गया है।
‘हनुमान अंश’ की कमाई में उछाल
फिल्म ‘हनुमान अंश’ भी बॉक्स ऑफिस पर एक बार फिर तेजी पकड़ती नजर आ रही है। बीते दिनों इसकी कमाई में गिरावट दर्ज की गई थी, लेकिन शनिवार को फिल्म ने अच्छी बढ़त हासिल की।
रिलीज के 65 दिन बाद भी फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब हो रही है। शनिवार को इसने 2.45 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ ही फिल्म का कुल घरेलू कलेक्शन 331.63 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
‘दृश्यम 3’ ने शनिवार को कमाए 26.50 करोड़
अजय देवगन, जयदीप अहलावत, तब्बू, श्रिया सरन और प्रकाश राज अभिनीत ‘दृश्यम 3’ दो अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म ने पहले सप्ताह में ही 245.50 करोड़ रुपये का कारोबार कर बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली थी।
इसके बाद शुक्रवार को फिल्म ने 14.50 करोड़ रुपये कमाए, जबकि शनिवार को इसकी कमाई बढ़कर 26.50 करोड़ रुपये पहुंच गई। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म का कुल घरेलू नेट कलेक्शन 286.50 करोड़ रुपये हो गया है।
दुनियाभर में 450 करोड़ के करीब पहुंची कमाई
‘दृश्यम 3’ का प्रदर्शन घरेलू बाजार के साथ विदेशी सिनेमाघरों में भी मजबूत बना हुआ है। फिल्म का भारत में ग्रॉस कलेक्शन 343.80 करोड़ रुपये बताया गया है। वहीं, नौवें दिन विदेशी बाजारों से इसने आठ करोड़ रुपये का कारोबार किया।
इन आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 446 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। आने वाले दिनों में फिल्म इस आंकड़े को पार कर पाती है या नहीं, इस पर बॉक्स ऑफिस की नजर रहेगी।


