डिंडौरी। जमीन का मुआवजा मिला तो रिश्तों में हिस्सेदारी की जंग छिड़ गई। विवाद ऐसा बढ़ा कि चार बहनें पांच लाख रुपए नकद से भरा थैला लेकर एसपी कार्यालय पहुंच गईं। 29 लाख 80 हजार रुपए के मुआवजे में अपने हिस्से की मांग कर रहीं बहनों का अपने ही जीजा से विवाद चल रहा है। दूसरी ओर जीजा ने पुलिस चौकी के प्रधान आरक्षक पर पांच लाख रुपए लेने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाकर पुलिस महकमे को भी सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है।
मामला डिंडौरी जिले के मरवारी गांव का है। यहां भादू सिंह और फुली बाई की छह बेटियां थीं। कोई बेटा नहीं होने के कारण माता-पिता ने बुढ़ापे में सहारे के लिए बेटी मल्ली बाई और उनके पति चूरामन भरिया को अपने साथ रखा था। माता-पिता के निधन के बाद सभी बहनों ने मिलकर अंतिम संस्कार और अन्य पारिवारिक रस्में निभाई थीं।
बताया गया कि परिवार की 16 एकड़ जमीन दानपत्र के जरिए मल्ली बाई और उनके पति चूरामन के नाम दर्ज थी। दोनों इस जमीन पर खेती कर रहे थे। राघौपुर बहुउद्देशीय बांध परियोजना के डूब क्षेत्र में जमीन आने के कारण इसके बदले 29 लाख 80 हजार रुपए मुआवजा निर्धारित किया गया।
मुआवजे की जानकारी मिलते ही चार बहनें अपना हिस्सा मांगने गांव पहुंचीं। इसे लेकर परिवार में विवाद शुरू हो गया। ग्राम पंचायत में भी बातचीत के बावजूद कोई सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद 13 नवंबर को चारों बहनों ने विक्रमपुर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई।
10 लाख रुपए में समझौते की बात, फिर लगा रिश्वत का आरोप
आरोप है कि शिकायत मिलने के बाद विक्रमपुर पुलिस चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक सत्येंद्र पटेल ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई। इस दौरान 10 लाख रुपए में समझौता होने की बात सामने आई। इसमें पांच लाख रुपए नकद और बाकी पांच लाख रुपए बैंक से लाकर देने की सहमति बनने का दावा किया गया।
हालांकि, इसके बाद विवाद ने नया मोड़ ले लिया। सोमवार को चूरामन भरिया एसपी कार्यालय पहुंचे और प्रधान आरक्षक सत्येंद्र पटेल के खिलाफ शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधान आरक्षक ने मुआवजे की राशि में से पांच लाख रुपए ले लिए हैं। इतना ही नहीं, उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दी जा रही है।
पांच लाख का थैला लेकर फिर पहुंचीं एसपी कार्यालय
मंगलवार को चारों बहनों ने भी एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। बुधवार को वे पांच लाख रुपए नकद से भरा थैला लेकर दोबारा एसपी कार्यालय पहुंचीं और अधिकारियों के सामने अपना पक्ष रखा। बहनें अपनी हिस्सेदारी को लेकर अड़ी हैं, जबकि जीजा ने पुलिसकर्मी पर रकम लेने के आरोप लगाए हैं। इस पूरे घटनाक्रम ने जमीन के मुआवजे के विवाद को और उलझा दिया है।
एसपी की दो टूक- पंचायत या सिविल कोर्ट में सुलझाएं विवाद
मामले में एसपी आशीष खरे ने दोनों पक्षों को आपसी सहमति से विवाद सुलझाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जमीन और मुआवजे के बंटवारे से जुड़े विवाद का निराकरण ग्राम पंचायत, कलेक्टर कार्यालय अथवा सिविल कोर्ट के माध्यम से कराया जा सकता है। पुलिस का काम अपराध से जुड़े मामलों में कार्रवाई करना है।
प्रधान आरक्षक पर पांच लाख रुपए लेने के आरोप के संबंध में एसपी ने कहा कि पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत की थी, इसलिए संभव है कि प्रधान आरक्षक ने मामले में हस्तक्षेप किया हो।


