लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने की रणनीति पर काम कर रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बड़े पैमाने पर मौजूदा विधायकों के टिकट काटने की तैयारी में है। पार्टी इस बार 150 से अधिक विधायकों के टिकट काट सकती है। इनमें कई मंत्री और दो या उससे अधिक बार चुनाव जीत चुके विधायक भी शामिल हैं। विभिन्न स्तरों पर कराए गए सर्वे और संगठनात्मक फीडबैक के आधार पर उन सीटों की सूची तैयार की गई है, जहां मौजूदा जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी सामने आई है। इस सूची पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में चर्चा भी हो चुकी है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश की 150 से अधिक विधानसभा सीटों पर मौजूदा विधायकों के खिलाफ जनता में असंतोष का फीडबैक मिला है। इनमें ज्यादातर ऐसी सीटें हैं, जहां भाजपा लगातार दो या उससे अधिक चुनाव जीत चुकी है। पार्टी का मानना है कि लंबे समय से एक ही चेहरे को मौका देने के कारण कुछ क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर नाराजगी बढ़ी है। इसके अलावा दूसरे दलों से भाजपा में आए नेताओं को लेकर भी नए सिरे से रणनीति बनाई जा रही है।
वर्तमान में भाजपा के 78 विधायक ऐसे हैं, जो दूसरे दलों से पार्टी में आए हैं। सूत्रों के अनुसार, ऐसे विधायकों को दोबारा टिकट देने के मामले में पार्टी विशेष परिस्थितियों में ही भरोसा जताएगी। हालांकि, पहली बार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे विधायकों के मामले में पार्टी का रुख अपेक्षाकृत नरम रहने के संकेत हैं। ऐसी 69 सीटों में से करीब 80 फीसदी पर मौजूदा विधायकों को फिर से मौका मिल सकता है।
नए चेहरों के भरोसे जीत की हैट्रिक का दांव
भाजपा की रणनीति का मुख्य आधार एंटी-इनकंबेंसी यानी सत्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी को कम करना है। इसके लिए पार्टी अलोकप्रिय विधायकों की जगह नए चेहरों को मैदान में उतारने पर विचार कर रही है। नेतृत्व का आकलन है कि उम्मीदवार बदलने से स्थानीय असंतोष को काफी हद तक दूर किया जा सकता है।
इसके साथ ही पार्टी ने उन 68 विधानसभा सीटों पर भी विशेष रणनीति बनाई है, जहां पिछले दो चुनावों से उसे हार का सामना करना पड़ा है। इनमें से 24 सीटों पर संगठन और चुनावी संसाधनों की पूरी ताकत लगाने की योजना है। इन क्षेत्रों में उम्मीदवार चयन से लेकर बूथ प्रबंधन तक पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
टिकट कटने से पहले बगावत रोकने की तैयारी
बड़े पैमाने पर टिकट काटने की रणनीति के साथ भाजपा के सामने सबसे बड़ी चुनौती संभावित बगावत को रोकना है। पार्टी नेतृत्व नहीं चाहता कि टिकट से वंचित होने वाले विधायक चुनाव के दौरान संगठन के लिए मुश्किल खड़ी करें या दूसरे दलों का रुख करें।
इसके लिए संघ, संगठन और सरकार के वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। संबंधित विधायकों को पहले ही संभावित फैसले के संकेत दिए जाएंगे। इसके बाद ऐसे नेताओं से व्यक्तिगत स्तर पर बातचीत कर उन्हें मनाने की कोशिश होगी, जिनके बागी तेवर अपनाने की आशंका है। पार्टी की कोशिश है कि टिकट वितरण से पहले ही असंतोष को नियंत्रित कर लिया जाए।
पिछले चुनावों में सफल रहा टिकट काटने का फॉर्मूला
भाजपा इससे पहले भी चुनावों में बड़े पैमाने पर मौजूदा विधायकों के टिकट काटने का प्रयोग कर चुकी है। पार्टी के आंकड़ों के मुताबिक, 2017 के विधानसभा चुनाव में जिन 47 विधायकों में से 12 के टिकट काटे गए थे, उन सभी सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी।
वहीं, 2022 के चुनाव में पार्टी ने 106 मौजूदा विधायकों की जगह नए चेहरों को मैदान में उतारा था। इनमें से 80 सीटों पर भाजपा को सफलता मिली। इसी अनुभव के आधार पर पार्टी इस बार और बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है।
सूत्रों का कहना है कि पिछले विधानसभा चुनाव में करीब 34 फीसदी विधायकों के टिकट काटे गए थे, लेकिन इस बार यह आंकड़ा 50 फीसदी से भी आगे जा सकता है। इसमें दूसरे दलों से भाजपा में आए विधायकों की हिस्सेदारी भी काफी रहने की संभावना है। साफ है कि भाजपा की रणनीति केवल उम्मीदवार बदलने तक सीमित नहीं है, बल्कि नए चेहरों के जरिए सत्ता विरोधी माहौल को कमजोर कर जीत की हैट्रिक लगाने की है।


