नागपुर के व्यापारी से 3.74 करोड़ रुपये की लूट का मामला, दो आरोपियों की निशानदेही पर डोरली गांव में नागपुर क्राइम ब्रांच की कार्रवाई
बालाघाट। खेत में रखे पराली के ढेर के नीचे छिपाई गई तीन बोरियों ने करोड़ों रुपये के लूटकांड का राज खोल दिया। मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के डोरली गांव में नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम ने छापेमारी कर तीन बोरियों से 3 करोड़ 26 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। यह रकम महाराष्ट्र के नागपुर में एक व्यापारी के कर्मचारियों से लूटे गए 3.74 करोड़ रुपये का हिस्सा बताई जा रही है। दो आरोपियों की निशानदेही पर हुई इस कार्रवाई से गांव में हड़कंप मच गया। खेत में करोड़ों रुपये मिलने की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम वारासिवनी और रामपायली पुलिस के सहयोग से डोरली गांव पहुंची। टीम अपने साथ मामले में पकड़े गए दो आरोपियों कृष्णा और अरविंद को लेकर आई थी। इसके बाद बस्ती तालाब के पास स्थित अरविंद डहरवाल के खेत में तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस को यहां धान के पैरा (पराली) के ढेर के नीचे छिपाकर रखी गईं तीन बोरियां मिलीं। बोरियों की तलाशी लेने पर उनमें बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई।
पुलिस ने तीनों बोरियों को जब्त कर ग्राम पंचायत डोरली पहुंचाया। यहां महाराष्ट्र पुलिस की टीम ने करीब सात घंटे तक नकदी की गिनती और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान कुल 3 करोड़ 26 लाख रुपये बरामद होने की जानकारी सामने आई। कार्रवाई पूरी होने के बाद नागपुर पुलिस आरोपियों और जब्त नकदी को अपने साथ ले गई।
नागपुर से बालाघाट तक पहुंची लूट की रकम
पुलिस जांच में सामने आया है कि नागपुर में लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने नकदी को दूसरी गाड़ी में शिफ्ट किया था। इसके बाद वे महाराष्ट्र से मध्यप्रदेश के चिखला होते हुए डोरली पहुंचे और रकम को अरविंद डहरवाल के खेत में पराली के ढेर के नीचे तीन बोरियों में छिपा दिया। नागपुर पुलिस ने लूटी गई कार के नंबर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी जांच के सिलसिले में पुलिस बालाघाट पहुंची और डोरली निवासी अरविंद डहरवाल तथा चिखला निवासी उसके रिश्तेदार को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर नकदी बरामद की गई।
18 नवंबर को हथियारबंद बदमाशों ने की थी लूटगौरतलब है कि 18 नवंबर की तड़के महाराष्ट्र के नागपुर के तुलसी नगर इलाके में हथियारबंद बदमाशों ने अनाज एवं फाइनेंस कारोबारी सुरेश परमार के कर्मचारियों पर चाकू से हमला कर नकदी से भरी कार लूट ली थी। कार में 3.74 करोड़ रुपये रखे हुए थे। वारदात के बाद लूटी गई कार कामठी के खैरी इलाके में लावारिस हालत में मिली थी, लेकिन उसमें रखी नकदी गायब थी।
घटना के बाद से ही नागपुर क्राइम ब्रांच और शांतिनगर पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और वाहन के नंबर के आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई।
नागपुर क्राइम ब्रांच के अधिकारी के मुताबिक, व्यापारी से 3.74 करोड़ रुपये की लूट के मामले में दो आरोपियों को पकड़ा गया है और जांच जारी है। बालाघाट के डोरली गांव से 3.26 करोड़ रुपये की बरामदगी इस मामले में बड़ी सफलता मानी जा रही है। हालांकि, लूटी गई कुल रकम और बरामद नकदी के बीच अंतर को लेकर शेष रकम की तलाश और अन्य पहलुओं पर जांच जारी है।


