राहुल गांधी ने भी उठाए सवाल, मां की किताब में दर्ज नहीं कई अहम बातें
नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या और उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सोनिया गांधी ने गंभीर दावा किया है। उनका आरोप है कि राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी, ताकि उनकी हत्या की जा सके। सोनिया गांधी ने यह बात अपने बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी के साथ एक विशेष बातचीत में कही। यह बातचीत उनकी किताब ‘बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ लव’ के संदर्भ में हुई।
सोनिया गांधी ने बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा किया। इसमें उन्होंने राजीव गांधी के राजनीतिक दौरों, उनकी सुरक्षा को लेकर अपनी चिंताओं और परिवार के कठिन दौर से जुड़ी यादें साझा कीं। राहुल गांधी ने भी वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि 500 से अधिक पन्नों की किताब लिखने के बावजूद उनकी मां ने कई महत्वपूर्ण बातें इसमें शामिल नहीं की हैं।
राजीव के दौरों में होती थी पत्थरबाजी
सोनिया गांधी ने बताया कि जब राजीव गांधी लोकसभा में विपक्ष के नेता थे, तब वे खुले जीप में देश के विभिन्न राज्यों का दौरा करते थे। इन दौरों के दौरान कई स्थानों पर उनका विरोध हुआ और उन पर पत्थर भी फेंके गए। सोनिया के मुताबिक, खासतौर पर विपक्षी दलों की सरकार वाले राज्यों में उन्हें राजीव की सुरक्षा को लेकर चिंता रहती थी।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारी इस मामले में पर्याप्त गंभीरता नहीं दिखा रहे थे। इन दौरों में राहुल गांधी भी अपने पिता के साथ रहते थे और उन्होंने विरोध प्रदर्शन तथा पत्थरबाजी की घटनाएं अपनी आंखों से देखी थीं।
राहुल ने जताई थी पिता की जान को लेकर आशंका
सोनिया गांधी ने एक घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि एक दौरे से लौटने के बाद राहुल ने उनसे पिता की सुरक्षा को लेकर अपनी चिंता जाहिर की थी। राहुल ने कहा था कि यदि पापा की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया गया, तो उन्हें जल्द ही उनके अंतिम संस्कार के लिए वापस आना पड़ सकता है।
सोनिया के अनुसार, बिहार का दौरा उनकी चिंताओं की आखिरी कड़ी साबित हुआ। हालांकि, इससे पहले भी वह राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर अपनी आशंकाएं जता चुकी थीं।
सोनिया बोलीं- सुरक्षा हटाना सामान्य घटना नहीं थी
बातचीत में सोनिया गांधी ने दावा किया कि राजीव गांधी की सुरक्षा हटाना कोई सामान्य प्रशासनिक फैसला या महज संयोग नहीं था। उनके मुताबिक, सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी, ताकि उनकी हत्या की जा सके। उनके इस आरोप ने राजीव गांधी की सुरक्षा व्यवस्था और हत्या से जुड़े पुराने घटनाक्रम को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।
राहुल ने 2004 के फैसले का भी किया जिक्र
राहुल गांधी ने अपनी मां की किताब का उल्लेख करते हुए कहा कि 500 से अधिक पन्नों में कई यादें दर्ज हैं, लेकिन कुछ ऐसी बातें भी हैं जिन्हें सोनिया गांधी ने किताब में जगह नहीं दी है। उन्होंने 2004 के एक फैसले का जिक्र भी किया, जिससे कुछ लोगों को राहत मिली थी, जबकि कुछ अन्य लोग खुश हुए थे।
हालांकि, राहुल ने इस फैसले का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया। उनके बयान को 2004 के लोकसभा चुनाव के बाद सोनिया गांधी द्वारा प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के फैसले से जोड़कर देखा जा रहा है। कांग्रेस नेतृत्व वाले गठबंधन की जीत के बाद सोनिया गांधी प्रधानमंत्री बन सकती थीं, लेकिन उन्होंने पद लेने से इनकार कर दिया था। इसके बाद डॉ. मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री बने थे।
राहुल ने बताया कि वह और प्रियंका अपनी मां के साथ बैठकर पुरानी यादें साझा कर रहे थे। इस दौरान परिवार के साथ बिताए खुशनुमा पलों के साथ उन मुश्किल और दर्दनाक दौर को भी याद किया गया, जिनसे गांधी परिवार गुजरा था।
1968 में इटली से भारत आई थीं सोनिया
सोनिया गांधी ने बातचीत में भारत आने के शुरुआती दिनों को भी याद किया। उन्होंने बताया कि वह वर्ष 1968 में इटली से भारत आई थीं। यहां आने के बाद देश में दिखाई देने वाली गरीबी ने उन्हें सबसे ज्यादा प्रभावित और आश्चर्यचकित किया था।
उन्होंने कहा कि उनकी किताब ‘बिलॉन्गिंग’ निजी यादों और अनुभवों पर आधारित है। इसमें राहुल और प्रियंका ने भी अपने अनुभव साझा किए हैं। सोनिया ने अपने बच्चों को अपनी सबसे बड़ी खुशी और ताकत बताया।


