भोपाल। मध्य प्रदेश की मोहन सरकार में मंत्रियों के स्टाफ से जुड़े विवाद एक बार फिर सुर्खियों में हैं। स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने अपने पूर्व ओएसडी वीरेंद्र तिवारी की मंत्री बंगले पर आवाजाही बंद करा दी है। बताया जा रहा है कि मंत्री के नाम पर कथित लेन-देन की शिकायत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। तिवारी दीपावली के बाद से मंत्री के बंगले नहीं पहुंच रहे हैं। उनके खिलाफ तीन पत्नियों से जुड़ी शिकायत भी मंत्री तक पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
मोहन सरकार में किसी मंत्री के ओएसडी पर कार्रवाई का यह दूसरा मामला है। इससे पहले उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के ओएसडी एवं आबकारी अधिकारी दीपम रायचूरा को एक करोड़ रुपये के कथित लेन-देन के विवाद के बाद पद से हटाया गया था।
2024 में मंत्री स्टाफ से जुड़े थे तिवारी
वीरेंद्र तिवारी मूल रूप से नगरीय विकास एवं आवास विभाग में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के पद पर कार्यरत रहे हैं। वर्ष 2008 तक वे विभाग में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी थे। बाद में उन्हें नियमित किया गया। इससे पहले भी वे मंत्री स्टाफ में काम कर चुके हैं।
वर्ष 2024 में उदय प्रताप सिंह के मंत्री स्टाफ में नियुक्ति के लिए तिवारी को राज्य औद्योगिक विकास बोर्ड में प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया था। उन्होंने 15 मार्च 2024 को बोर्ड में अनुभाग अधिकारी के रूप में पदभार संभाला। इसी दिन उन्हें मंत्री का ओएसडी बनाकर मंत्री स्टाफ से संबद्ध कर दिया गया।
करीब दो महीने पहले पदोन्नति के बाद उनकी सेवाएं मूल विभाग में वापस कर दी गई थीं। इसके बावजूद वे मंत्री के कामकाज से जुड़े हुए थे। अब उनके मंत्री बंगले पर आने-जाने पर रोक लगा दी गई है।
मंत्री उदय प्रताप सिंह से इस मामले में संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो सकी। वीरेंद्र तिवारी का मोबाइल भी बंद मिला। मंत्री स्टाफ के अधिकारियों ने उनके दीपावली के बाद से बंगले नहीं आने की पुष्टि की है। हालांकि, उनके अवकाश पर होने की बात भी कही जा रही है।
तीन पत्नियां होने की शिकायत भी पहुंची
वीरेंद्र तिवारी को लेकर एक दूसरा विवाद भी सामने आया है। बताया जाता है कि पिछले दिनों खुद को तिवारी की पत्नी बताने वाली एक महिला भोपाल स्थित मंत्री के शासकीय आवास पहुंची थी। उसने मंत्री उदय प्रताप सिंह से मुलाकात कर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी।
महिला का आरोप था कि तिवारी के उसके अलावा दो अन्य महिलाओं से भी संबंध हैं। इनमें एक भोपाल और दूसरी ग्वालियर में रहती है। महिला ने दावा किया कि दोनों महिलाओं के बच्चे भी हैं। उसने तिवारी पर अपने रसूख और प्रभाव का इस्तेमाल कर उसे चुप कराने तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप भी लगाए।
बताया जाता है कि शिकायत मिलने के बाद मंत्री ने व्यक्तिगत स्तर पर मामले की जानकारी जुटाई थी। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।
पहले भी विवादों में घिर चुका है मंत्रियों का स्टाफ
मंत्रियों के स्टाफ पर कथित लेन-देन के आरोपों का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना के ओएसडी अशोक कुमार बाथम, निज सहायक दिनेश भकोरिया और स्टेनो टाइपिस्ट अंकित अवधिया का तबादले के नाम पर पैसे के लेन-देन से जुड़ा वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद सरकार ने तीनों कर्मचारियों को पद से हटाकर निलंबित कर दिया था।
शराब दुकानों के ठेकों में भी आया था OSD का नाम
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के ओएसडी दीपम रायचूरा का नाम भी वर्ष 2024-25 में भोपाल के टीटी नगर क्षेत्र की दो शराब दुकानों के ठेकों से जुड़े विवाद में सामने आया था। उन पर एक करोड़ रुपये के लेन-देन के आरोप लगे थे। विवाद बढ़ने के बाद उन्हें ओएसडी पद से हटा दिया गया था और विभागीय जांच शुरू की गई थी।


