नई दिल्ली। By Election 2026: केंद्रीय चुनाव आयोग ने चार राज्यों की खाली हुई विधानसभा और लोकसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल की चार विधानसभा सीटों तथा असम की एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव होंगे। इन सभी सीटों पर 6 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा, जबकि 9 अक्टूबर को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे।
चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक उपचुनाव की औपचारिक गजट अधिसूचना 9 सितंबर 2026 को जारी होगी। उम्मीदवार 16 सितंबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच के बाद चुनाव प्रक्रिया 11 अक्टूबर से पहले पूरी कर ली जाएगी। संबंधित क्षेत्रों में चुनाव आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
इन सीटों पर होंगे उपचुनाव
तमिलनाडु की दो विधानसभा सीटें
तमिलनाडु की मदुरांतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होगा। ये दोनों सीटें क्रमश: मरागथम कुमारवेल और पी. सत्यबामा के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थीं। दोनों सीटों की अंतिम मतदाता सूची फरवरी 2026 में जारी की जा चुकी है।
पुडुचेरी की थट्टानचावड़ी सीट
पुडुचेरी की थट्टानचावड़ी विधानसभा सीट एन. रंगासामी के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। इस सीट की अंतिम मतदाता सूची भी फरवरी में प्रकाशित की गई थी।
पश्चिम बंगाल की दो विधानसभा सीटें
पश्चिम बंगाल में रेजीनगर और नंदीग्राम विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराया जाएगा। रेजीनगर सीट हुमायूं कबीर और नंदीग्राम सीट सुवेंदु अधिकारी के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी। दोनों सीटों की अंतिम मतदाता सूची फरवरी 2026 में जारी की गई थी।
असम की नागांव लोकसभा सीट
असम की नागांव लोकसभा सीट भी उपचुनाव वाली सीटों में शामिल है। यह सीट सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। यहां अंतिम मतदाता सूची फरवरी 2026 में जारी की गई थी।
शिलांग और बशीरहाट लोकसभा सीट पर अभी तारीख नहीं
चुनाव आयोग ने फिलहाल शिलांग और बशीरहाट लोकसभा सीटों के लिए उपचुनाव कार्यक्रम घोषित नहीं किया है। शिलांग सीट इस साल फरवरी में वॉयस ऑफ द पीपल पार्टी (VPP) के सांसद रिकी एंड्रयू जे. सिंगकान के निधन के बाद रिक्त हुई थी।
वहीं पश्चिम बंगाल की बशीरहाट लोकसभा सीट सितंबर 2024 में तृणमूल कांग्रेस सांसद हाजी शेख नूरुल इस्लाम के निधन के बाद से खाली है।
नामांकन तक अपडेट होती रहेगी वोटर लिस्ट
चुनाव आयोग ने कहा है कि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख तक मतदाता सूची को लगातार अपडेट किया जाएगा। हालांकि इसके लिए आवेदन नामांकन की अंतिम तिथि से कम से कम 10 दिन पहले प्राप्त होना जरूरी होगा।
वोटिंग के लिए पहचान पत्र जरूरी
आयोग के अनुसार सभी मतदान केंद्रों पर निर्धारित इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन और वीवीपैट का इस्तेमाल किया जाएगा। मतदाता पहचान पत्र (EPIC) मुख्य पहचान दस्तावेज रहेगा। इसके अलावा मतदाता आयोग द्वारा मान्य अन्य दस्तावेजों के जरिए भी मतदान कर सकेंगे।
इनमें आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट सहित अन्य स्वीकृत पहचान पत्र शामिल हैं।
उपचुनाव का पूरा शेड्यूल
- गजट अधिसूचना: 9 सितंबर 2026
- नामांकन की अंतिम तारीख: 16 सितंबर 2026
- मतदान: 6 अक्टूबर 2026
- मतगणना और परिणाम: 9 अक्टूबर 2026
- चुनाव प्रक्रिया पूरी: 11 अक्टूबर 2026 से पहले


