मुंबई। बाबा नीब करौरी के जीवन और उनकी आध्यात्मिक विरासत पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ के दूसरे पार्ट की तैयारी शुरू हो गई है। फिल्म के निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने पार्ट-2 की घोषणा की है। फिल्म के अगले भाग में नैनीताल के प्रसिद्ध कैंची धाम और बाबा नीम करौली से जुड़े उनके जीवन के महत्वपूर्ण अध्याय को भी कहानी का हिस्सा बनाया जाएगा।
कैंची धाम बाबा नीम करौली के प्रमुख आध्यात्मिक केंद्रों में माना जाता है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार बाबा 1960 के दशक की शुरुआत में कैंची पहुंचे थे और 15 जून 1964 को यहां हनुमान मंदिर और आश्रम की स्थापना हुई। जीवन के अंतिम वर्षों में यह स्थान उनके प्रमुख आध्यात्मिक केंद्रों में शामिल रहा।
2006 में कैंची धाम पहुंचे थे फिल्म के निर्देशक
डॉ. विशाल चतुर्वेदी का कैंची धाम से जुड़ाव काफी पुराना है। वर्ष 2006 के आसपास अपनी पोस्टिंग के दौरान वे कई बार कैंची धाम गए थे। इसी दौरान पहली बार उनका परिचय नीम करोली बाबा की शिक्षाओं से हुआ।
इस आध्यात्मिक अनुभव का उन पर गहरा प्रभाव पड़ा। करीब दो दशक बाद यही जुड़ाव ‘हनुमान अंश’ की कहानी के लिए प्रेरणा बना। अब फिल्म के दूसरे भाग में कैंची धाम और बाबा से जुड़े प्रसंगों को प्रमुखता से दिखाने की तैयारी है।
नैनीताल में भवाली के पास शिप्रा नदी के किनारे स्थित कैंची धाम देश-विदेश में बाबा नीम करौली के अनुयायियों के बीच विशेष आस्था का केंद्र है। नैनीताल में बाबा से जुड़े प्रमुख स्थलों में कैंची धाम के अलावा काकड़ीघाट, हनुमानगढ़ी और भूमियाधार का भी उल्लेख किया जाता है।
सिर्फ 2 करोड़ में बनी फिल्म ने कमाए 107 करोड़ से ज्यादा
‘हनुमान अंश’ की सफलता ने फिल्म कारोबार से जुड़े लोगों का ध्यान खींचा। करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म की शुरुआत सीमित स्क्रीन के साथ हुई थी। रिलीज के पहले सप्ताह में इसके शो और स्क्रीन घटकर करीब 25 रह गए थे।
हालांकि दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया और मजबूत वर्ड ऑफ माउथ ने फिल्म की दिशा बदल दी। इसके बाद फिल्म की स्क्रीन लगातार बढ़ती गईं और चौथे सप्ताह तक यह करीब 1,200 स्क्रीन तक पहुंच गई।
अलग-अलग उद्योग स्रोतों में फिल्म की कमाई के आंकड़ों में अंतर बताया गया है, लेकिन 4 सितंबर तक फिल्म के करीब 107 करोड़ रुपये का कारोबार करने की जानकारी सामने आई थी। यानी फिल्म ने अपनी लागत के मुकाबले 50 गुना से भी ज्यादा कमाई की।
स्टीव जॉब्स से विराट कोहली तक बाबा के भक्त
बाबा नीम करौली के प्रति आस्था रखने वाली चर्चित हस्तियों की सूची भी लंबी है। इनमें टेक्नोलॉजी, हॉलीवुड और भारतीय फिल्म व क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियों के नाम शामिल किए जाते हैं।
स्टीव जॉब्स: 1974 में बाबा से मिलने की इच्छा लेकर भारत आए थे। हालांकि तब तक बाबा का निधन हो चुका था। जॉब्स कुछ समय कैंची धाम में भी रहे। बाद में अमेरिका लौटे और 1976 में एप्पल की शुरुआत की।
मार्क जकरबर्ग: 2015 में भारत यात्रा के दौरान उन्होंने बताया था कि स्टीव जॉब्स ने फेसबुक के शुरुआती दौर में उन्हें भारत के एक मंदिर जाने की सलाह दी थी। यह मंदिर कैंची धाम बताया जाता है।
जूलिया रॉबर्ट्स: हॉलीवुड अभिनेत्री जूलिया रॉबर्ट्स ने एक इंटरव्यू में बताया था कि नीम करौली बाबा की तस्वीर देखने के बाद हिंदू धर्म के प्रति उनकी रुचि बढ़ी।


