भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून इन दिनों जमकर मेहरबान बना हुआ है। प्रदेश के ऊपरी हिस्से में सक्रिय दो मौसम प्रणालियों के असर से अगले चार दिन कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। सोमवार को मौसम विभाग ने रीवा और सागर संभाग के छह जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं मालवा-निमाड़ क्षेत्र में हल्की बारिश होने के आसार हैं।
मौसम केंद्र भोपाल के मुताबिक अगले 24 घंटे में निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा में भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, राजगढ़, इंदौर, धार, उज्जैन, ग्वालियर, शिवपुरी, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी, सागर और दमोह समेत कई जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है।
कलियासोत बांध के फिर खुले गेट
रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई। राजधानी भोपाल में लगातार बारिश के चलते कलियासोत बांध के दो गेट दोबारा खोलने पड़े। इससे पहले शनिवार रात बांध के चार गेट खोले गए थे। पानी छोड़े जाने के बाद रात करीब 12 बजे इन्हें एक-एक कर बंद कर दिया गया था। जलस्तर बढऩे पर दो गेट फिर खोलने पड़े।
23 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के 23 जिलों में अब तक औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। इनमें अनूपपुर, छतरपुर, मैहर, मंडला, मऊगंज, निवाड़ी, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़, श्योपुर और शिवपुरी शामिल हैं।
हालांकि कुछ जिलों में बारिश अभी भी सामान्य से कम है। बालाघाट, छिंदवाड़ा, डिंडोरी, दमोह, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, रीवा, सागर और सिवनी में करीब 2 से 23 प्रतिशत तक बारिश की कमी दर्ज की गई है।
पश्चिमी एमपी में बारिश की कमी बरकरार
प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में मानसून की बेरुखी अब भी बनी हुई है। आगर-मालवा, आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, मंदसौर, मुरैना, नर्मदापुरम, नीमच, बड़वानी, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन और विदिशा समेत कई जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है। इन इलाकों में बारिश की कमी करीब 1 से 54 प्रतिशत तक है।
37.3 इंच है प्रदेश की सामान्य बारिश
मध्यप्रदेश में पूरे मानसून सीजन के दौरान औसतन करीब 37.3 इंच बारिश होती है। वहीं भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर जैसे प्रमुख शहरों में सामान्य बारिश करीब 38 से 39 इंच के बीच रहती है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों में होने वाली बारिश से प्रदेश में बारिश के मौजूदा आंकड़ों में और सुधार होने की उम्मीद है।


