सागर। Sagar Poisonous Liquor Case: मध्यप्रदेश के सागर जिले में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से दो दिनों में 11 लोगों की मौत की सूचना से हड़कंप मच गया है। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने 10 मौतों की पुष्टि की है, जबकि करीब 35 लोगों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। कई मरीजों के शरीर नीले पड़ने और अकड़न जैसे गंभीर लक्षण सामने आए हैं। मामला बंडा क्षेत्र के नौराज और घुघरा खुर्द गांव से जुड़ा है।
शराब पीने के बाद बिगड़ी तबीयत, अस्पतालों में भर्ती
प्रशासन के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे शराब पीने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने प्रभावित गांवों में स्क्रीनिंग शुरू की। गंभीर मरीजों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) और सागर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पोस्टमॉर्टम में मिथाइल अल्कोहल की आशंका
कलेक्टर प्रतिभा पाल के अनुसार, 2-3 शवों के पोस्टमॉर्टम में मिथाइल अल्कोहल के सेवन की आशंका सामने आई है। कई मरीजों में शरीर नीला पड़ने और अकड़न जैसे लक्षण मिले हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि उल्टी, सिरदर्द, बुखार या कोई असामान्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल अस्पताल पहुंचें।
7 शराब दुकानें सील, सैंपल जांच के लिए भेजे
घटना के बाद प्रशासन ने बरेठी, बंडा, शाहगढ़, मगरधा, विनायका, दलपतपुर और बरायठा की 7 शराब दुकानों को सील कर दिया है। दुकानों से शराब के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। अधिकारियों की टीमें पूरे मामले की जांच में जुटी हैं।
आबकारी और पुलिस के 5 अधिकारी निलंबित
मामले में प्रशासन ने आबकारी और पुलिस विभाग के 5 अधिकारियों को सस्पेंड किया है। इनमें सहायक आबकारी आयुक्त कीर्ति दुबे, जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते, बंडा आबकारी उप निरीक्षक रोशनी उरेते, गूगरा चौकी प्रभारी एएसआई पूरन सिंह और बंडा थाना प्रभारी राजेंद्र कुशवाहा शामिल हैं।
संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरज श्रीवास्तव को ग्वालियर मुख्यालय अटैच किया गया है।
ललितपुर से शराब सप्लाई की आशंका
एसपी अनुराग सुजानिया के मुताबिक, शुरुआती जांच में शराब की सप्लाई उत्तर प्रदेश के ललितपुर से होने की आशंका सामने आई है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। ललितपुर में भी कथित सप्लाई नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
परिजनों का दावा- शराब पीने के आधे घंटे बाद मौत
बम्हुराबेड़ा निवासी रामकुमार दांगी ने दावा किया कि उनके चचेरे भाई समेत गांव के चार लोगों की मौत हुई है। उनका कहना है कि तीन लोगों ने साथ में शराब पी थी। इसके कुछ देर बाद उनके शरीर ठंडे पड़ने लगे और करीब आधे घंटे में उनकी मौत हो गई।
CM मोहन यादव ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर संज्ञान लेते हुए प्रभारी मंत्री और अधिकारियों को तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ऐसे मामलों को बर्दाश्त नहीं करेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस ने सरकार को घेरा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले भी सागर में जहरीली शराब के कारोबार का मुद्दा उठा चुकी है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर अवैध शराब के कारोबार और प्रशासनिक लापरवाही का आरोप लगाया।
बंडा के पूर्व कांग्रेस विधायक तरवर सिंह लोधी ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने और मृतकों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की है।


