ल्हासा। तिब्बत में गुरुवार दोपहर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.0 मापी गई। भूकंप का केंद्र जमीन के करीब 14 किलोमीटर नीचे था। फिलहाल भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
दोपहर 1:46 बजे आया भूकंप
भूकंप के झटके गुरुवार दोपहर करीब 1:46 बजे महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र 31.479 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 80.370 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया। इसकी गहराई करीब 14 किलोमीटर बताई गई है।
भूकंप के बाद स्थानीय प्रशासन की ओर से स्थिति की निगरानी की जा रही है। अभी तक किसी बड़े नुकसान या जनहानि की जानकारी सामने नहीं आई है।
पहले से प्राकृतिक आपदा से प्रभावित है क्षेत्र
तिब्बत और नेपाल-तिब्बत सीमा क्षेत्र हाल के दिनों में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित रहा है। 26 अगस्त को ग्लेशियर और चट्टानों के खिसकने के बाद आई बाढ़ से नेपाल और सीमा से लगे इलाकों में भारी नुकसान हुआ था।
तिब्बत में फंसे थे नेपाली नागरिक
बाढ़ के बाद बड़ी संख्या में नेपाली नागरिक तिब्बत में फंस गए थे। नेपाल के विदेश मंत्रालय के मुताबिक करीब 3,000 नेपाली नागरिक कारोबार और तीर्थयात्रा के लिए तिब्बत गए थे। इनमें से 2,500 से अधिक लोग सुरक्षित नेपाल लौट चुके हैं, जबकि कुछ लोग अभी भी केरुंग सीमा क्षेत्र में फंसे बताए जा रहे हैं।
नेपाल-तिब्बत सीमा पर आई बाढ़ में नेपाल में कई लोगों की मौत और लापता होने की खबर सामने आई थी। भोटेकोशी नदी के रास्ते भारत पहुंचे कुछ शवों को नेपाल को सौंपने की प्रक्रिया भी चल रही है।


