नई दिल्ली। बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने गुरुवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। बैठक में भारत और बेल्जियम के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के साथ व्यापार, निवेश, रक्षा, तकनीक और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत पहुंचे डी वेवर 4 सितंबर तक देश की यात्रा पर रहेंगे। फरवरी 2025 में बेल्जियम के प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है। करीब दो दशक बाद बेल्जियम के किसी प्रधानमंत्री का भारत दौरा भी हो रहा है।
राजघाट पहुंचकर गांधीजी को दी श्रद्धांजलि
हैदराबाद हाउस पहुंचने से पहले बेल्जियम के प्रधानमंत्री ने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने गांधी समाधि पर पुष्प अर्पित किए और विजिटर बुक में अपने विचार दर्ज किए।
रक्षा सहयोग पर भी जोर
डी वेवर के साथ बेल्जियम के रक्षा एवं विदेश व्यापार मंत्री थियो फ्रैंकन समेत वरिष्ठ अधिकारियों और कारोबारी प्रतिनिधियों का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भारत आया है। प्रतिनिधिमंडल में बेल्जियम के रक्षा उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि भी शामिल हैं।
थियो फ्रैंकन ने गुरुवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस दौरान उन्होंने भारत की तकनीकी क्षमताओं की सराहना की और दोनों देशों के बीच रक्षा साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर दिया।
मार्च 2025 में आया था बेल्जियम का आर्थिक मिशन
भारत-बेल्जियम आर्थिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए मार्च 2025 में प्रिंसेस एस्ट्रिड के नेतृत्व में बेल्जियम का आर्थिक मिशन भारत आया था। इसमें कंपनियों, चैंबर ऑफ कॉमर्स, अकादमिक संस्थानों और सरकारी संगठनों से जुड़े 338 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया था। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच 38 समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए थे।
डी वेवर की मौजूदा यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश के नए अवसर तलाशने के साथ रक्षा उद्योग, तकनीकी सहयोग और कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने पर फोकस रहने की उम्मीद है। बेल्जियम के कारोबारी और रक्षा क्षेत्र के प्रतिनिधियों की मौजूदगी को इस लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


