ओरछा। BJP Pradesh Karyasamiti Meeting 2026 भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक रविवार को निवाड़ी जिले के ओरछा में शुरू हुई। श्रीराम राजा सरकार की पावन नगरी में आयोजित बैठक का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बैठक के प्रथम दिन राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित किया गया।
कार्यसमिति बैठक में भाजपा नेताओं ने 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा सेवा एवं राष्ट्र निर्माण को पार्टी की प्राथमिकता बनाने पर जोर दिया।
भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, विचार और राष्ट्रसेवा की यात्रा: हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी की विचारधारा महापुरुषों के त्याग, सेवा, संगठन और राष्ट्र निर्माण के संस्कारों से निर्मित हुई है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्र की एकता-अखंडता के संकल्प तथा कुशाभाऊ ठाकरे की संगठन और कार्यकर्ता निर्माण की परंपरा भाजपा को आज भी दिशा देती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि विचार, संस्कार, सेवा और राष्ट्र निर्माण की यात्रा है। संगठन की शक्ति कार्यकर्ता हैं और कार्यकर्ताओं की शक्ति पार्टी की विचारधारा है। अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही अंत्योदय की वास्तविक भावना है।
सेवा संकल्प अभियान के जरिए जन-जन तक पहुंचेगा संदेश
खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पार्टी की ओर से सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत व्यापक जनसंपर्क और सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि जनधन योजना, डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत अभियान, पीएम सूर्यघर योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों को सशक्त बनाने का काम किया गया है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में विकास को गति: खण्डेलवाल
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार उद्योग, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, रोजगार और युवा विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रही है। भाजपा के विभिन्न मोर्चे भी समाज के अलग-अलग वर्गों के बीच सक्रिय हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ समाज के बीच सक्रिय रहने तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में योगदान देने का आह्वान किया।
2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य: महेन्द्र सिंह
भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में केंद्र और मध्यप्रदेश सरकार वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य पर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि ओरछा से भाजपा कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को बूथ स्तर तक पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने संगठन की तुलना भगवान श्रीराम द्वारा बनाए गए सेतु से करते हुए कहा कि मजबूत संगठन शक्ति के जरिए बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
बूथ मजबूत होगा तो संगठन मजबूत होगा: अजय जामवाल
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को प्रत्येक मतदाता और हर घर तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। संगठन को घर-घर तक ले जाने के लिए प्रत्येक बूथ और शक्ति केंद्र को मजबूत करना होगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल चुनाव तक सीमित नहीं है। पार्टी निरंतर सेवा, संगठन विस्तार और राष्ट्र निर्माण के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनाने के लिए काम कर रही है।
आत्मनिर्भर भारत की ओर तेजी से बढ़ रहा देश: शिवराज सिंह चौहान
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आत्मनिर्भरता और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार केंद्र की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतार रही है।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से तीन गुनी शक्ति के साथ काम करने और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने किसानों की आय, कृषि योजनाओं, खाद्य सुरक्षा और गरीबों को आवास उपलब्ध कराने जैसे मुद्दों का भी उल्लेख किया।
भारत विश्व की चौथी बड़ी आर्थिक शक्ति बना: ज्योतिरादित्य सिंधिया
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की चौथी बड़ी आर्थिक शक्ति के रूप में उभरा है। उन्होंने डिजिटल इंडिया, यूपीआई, स्टार्टअप इंडिया, आधारभूत संरचना, वंदे भारत ट्रेन और रक्षा क्षेत्र में भारत की प्रगति का उल्लेख किया।
सिंधिया ने कहा कि आर्थिक विकास के साथ डिजिटल तकनीक, परिवहन, इंफ्रास्ट्रक्चर और रक्षा क्षमता के क्षेत्र में भी देश ने महत्वपूर्ण प्रगति की है।
समरसता संकल्प अभियान पर जोर
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संत संपर्क, कलश वंदन, छात्रावास संपर्क और समरसता यात्राओं के माध्यम से सामाजिक समरसता और समानता का संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।
जनजातीय समाज के विकास के लिए भाजपा प्रतिबद्ध: गजेन्द्र पटेल
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री गजेन्द्र पटेल ने कहा कि जनजातीय समाज के अधिकार, विकास और संस्कृति-परंपराओं के संरक्षण के लिए भाजपा ने लगातार काम किया है। उन्होंने जनजातीय क्षेत्रों में जनसंवाद बढ़ाने और समाज की समस्याओं को समझकर उनके समाधान की दिशा में काम करने की बात कही।
भारत फिर बनेगा विश्व का मार्गदर्शक: तरुण चुघ
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी एवं सांसद तरुण चुघ ने कहा कि भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में फिर से दुनिया का मार्गदर्शन करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक स्तर पर अपनी आर्थिक और सामरिक क्षमता के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि 2047 का विकसित भारत केवल भाजपा का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का राष्ट्रीय संकल्प होना चाहिए।
भाजपा जो कहती है, करके दिखाती है: राजेंद्र शुक्ल
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने काम और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जनता का विश्वास अर्जित किया है। उन्होंने मध्यप्रदेश में कृषि, पर्यटन, उद्योग और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में हो रहे कार्यों का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि केन-बेतवा परियोजना से बुंदेलखंड में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा। प्रदेश में निवेश को बढ़ावा दिया जा रहा है और आत्मनिर्भर एवं विकसित मध्यप्रदेश बनाने की दिशा में सरकार काम कर रही है।
किसान और महिला सशक्तिकरण पर भी जोर
भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि किसानों की खुशहाली भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने समर्थन मूल्य, भावांतर योजना, स्वामित्व योजना और कृषि क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख किया।
वहीं, पार्टी की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने लाड़ली बहना योजना सहित महिला हितैषी योजनाओं का उल्लेख किया।
नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों का सम्मान
प्रदेश कार्यसमिति बैठक के उद्घाटन सत्र में भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों का सम्मान किया गया। इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के बाद अतिथियों और प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों ने श्रीराम राजा सरकार के दर्शन किए।
बैठक में दिवंगत नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के लिए शोक प्रस्ताव रखा गया और दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
सोमवार को होगा प्रदेश कार्यसमिति बैठक का समापन
भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक का समापन सोमवार को होगा। सुबह 9:45 बजे ‘सेवा संकल्प अभियान’ विषय पर कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक समापन सत्र होगा। इसमें पार्टी का वरिष्ठ नेतृत्व कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देगा और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों की दिशा तय की जाएगी।


