भोपाल। MP Laptop Scheme 2026 मध्यप्रदेश के कक्षा 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 1 सितंबर 2026 को प्रदेश के करीब 1 लाख 22 हजार विद्यार्थियों के बैंक खातों में 25-25 हजार रुपये की राशि ट्रांसफर करेंगे। यह राशि विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत दी जाएगी।
1 सितंबर को भोपाल में होगा राशि वितरण कार्यक्रम
लैपटॉप के लिए प्रोत्साहन राशि वितरण का राज्य स्तरीय कार्यक्रम 1 सितंबर को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पात्र विद्यार्थियों के खातों में सीधे राशि का अंतरण करेंगे।
ये भी पढ़ेलाड़ली बहना के नए फॉर्म का मैसेज आया तो रहें सावधान, महिला बाल विकास विभाग ने किया अलर्ट
योजना के तहत कक्षा 12वीं की परीक्षा में पहले प्रयास में 75
प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले पात्र विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।इस योजना का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना और उनकी उच्च शिक्षा के लिए डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराना है।
1.22 लाख विद्यार्थियों को मिलेगी राशि
इस वर्ष प्रदेश के लगभग 1 लाख 22 हजार विद्यार्थी योजना से लाभान्वित होंगे। प्रत्येक पात्र विद्यार्थी के खाते में 25 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। इस तरह विद्यार्थियों को कुल 304 करोड़ 98 लाख 50 हजार रुपये की राशि वितरित की जाएगी।
ऑनलाइन पढ़ाई में मददगार होगा लैपटॉप
सरकार का मानना है कि लैपटॉप मिलने से विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल पाठ्य सामग्री, ई-लर्निंग और अन्य तकनीकी संसाधनों का बेहतर उपयोग करने में मदद मिलेगी। इससे विद्यार्थी उच्च शिक्षा की तैयारी के साथ-साथ आधुनिक तकनीक से भी जुड़ सकेंगे।
मध्यप्रदेश सरकार की यह योजना मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें डिजिटल शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।


