मुंबई। G.V. Narayana Rao Death तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता और निर्माता जीवी नारायण राव का 73 साल की उम्र में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। उनके निधन की खबर से साउथ फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। अभिनेता चिरंजीवी ने अपने करीबी मित्र के निधन पर गहरा दुख जताते हुए उन्हें भावुक श्रद्धांजलि दी। अभिनेत्री कराटे कल्याणी ने उनके निधन की पुष्टि की।
पांच दशक तक फिल्मों में किया काम
जीवी नारायण राव ने वर्ष 1976 में के. बालचंदर की फिल्म ‘अंथुलेनी कथा’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। करीब पांच दशक लंबे करियर में उन्होंने लगभग 100 फिल्मों में अभिनय किया। लीड अभिनेता के तौर पर ‘ओका ऊरी कथा’, ‘ऊरुकिचिना माता’ और ‘मंचु पल्लाकी’ जैसी फिल्मों में उनके काम को खास पहचान मिली।
चिरंजीवी और रजनीकांत के साथ किया अभिनय
नारायण राव ने अपने लंबे फिल्मी सफर में तेलुगु सिनेमा के कई बड़े सितारों के साथ काम किया। उनकी चर्चित फिल्मों में ‘चिलकम्मा चेप्पिंडी’, ‘मुथ्याला पल्लाकी’, ‘गैंग लीडर’ और ‘हिटलर’ शामिल हैं। वे चिरंजीवी और रजनीकांत के समकालीन कलाकार रहे और दोनों के साथ उनका लंबा जुड़ाव रहा।
निर्माता के तौर पर भी बनाई पहचान
अभिनय के साथ जीवी नारायण राव ने फिल्म निर्माण के क्षेत्र में भी काम किया। उन्होंने ‘चेत्तानिकी कल्लू लेवु’, ‘देवान्थकुडु’ और ‘यमुदिकी मोगुडु’ जैसी फिल्मों का निर्माण किया। उन्होंने टेलीविजन में भी काम किया और ‘पासुपु कुमकुमा’ तथा ‘सुंदरकांडा’ जैसे धारावाहिकों में नजर आए।
चिरंजीवी ने दोस्त को किया याद
नारायण राव के निधन के बाद चिरंजीवी ने अपने पुराने मित्र को याद करते हुए दुख जताया। उन्होंने नारायण राव के साथ बिताए लंबे समय और फिल्मी सफर की यादों को साझा करते हुए उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
जीवी नारायण राव के निधन से तेलुगु सिनेमा ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया, जिसने करीब पांच दशकों तक अभिनय और फिल्म निर्माण के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई।


