लखनऊ। Purvanchal Expressway Accident उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। बल्दीराय थाना क्षेत्र के टेरी गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से एक निजी बस में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस सवार तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, निजी बस गुरुग्राम से बिहार जा रही थी। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम प्रभात सिंह, सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार और थानाध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों और घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्दीराय पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए कुमारगंज के पीठला अस्पताल रेफर किया गया है।
तीन यात्रियों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
हादसे में जान गंवाने वाले तीन यात्रियों के शव पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा।
सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार ने तीन यात्रियों की मौत और 11 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


