भोपाल। त्यौहारी सीजन को देखते हुए भोपाल जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की जांच तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सीहोर रोड स्थित साईं बाबा ट्रेडिंग का निरीक्षण कर विभिन्न प्रकार की 114 किलोग्राम मिठाई जब्त की। जब्त मिठाइयों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 22,800 रुपये बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने 27 किलोग्राम नंदी स्वीट हलवा, 27 किलोग्राम कृष्णा हलवा, 30 किलोग्राम गोपाल स्वीट्स बर्फी और 30 किलोग्राम कृष्णा डिलिशियस स्वीट जब्त की।
प्रयोगशाला भेजे गए मिठाइयों के नमूने
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जब्त खाद्य पदार्थों के नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूपता के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पैकेट पर मिली ये सामग्री
निरीक्षण के दौरान कृष्णा डिलिशियस स्वीट के पैकेट पर सामग्री के रूप में मिल्क सॉलिड्स, शुगर, पार्शियली हाइड्रोजनेटेड ऑयल (वनस्पति) और रिफाइंड पामोलीन ऑयल आदि का उल्लेख पाया गया। हालांकि, खाद्य पदार्थ की वास्तविक गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूपता का अंतिम निर्धारण प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के बाद ही होगा।
खाद्य सुरक्षा विभाग की यह कार्रवाई त्यौहारी सीजन में मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री पर निगरानी बढ़ाने के अभियान का हिस्सा है।


