मुंबई। ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने टेस्ट क्रिकेट में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। ICC की ताजा टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में स्टार्क ने भारत के जसप्रीत बुमराह और न्यूजीलैंड के मैट हेनरी को पीछे छोड़ते हुए पहली बार करियर में नंबर-1 स्थान हासिल किया है। बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में 10 विकेट लेने का उन्हें रैंकिंग में बड़ा फायदा मिला।
बांग्लादेश के खिलाफ बरपाया कहर
मैके में खेले गए दूसरे टेस्ट में स्टार्क ने शानदार गेंदबाजी करते हुए कुल 10 विकेट अपने नाम किए। पहली पारी में उन्होंने महज 12 रन देकर 6 विकेट झटके, जबकि दूसरी पारी में 39 रन देकर 4 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
स्टार्क की घातक गेंदबाजी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को हराकर दो मैचों की टेस्ट सीरीज 1-1 से बराबर की। स्टार्क को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैच और सीरीज, दोनों में प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
बुमराह से 10 रेटिंग अंक आगे
ताजा ICC टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में स्टार्क ने जसप्रीत बुमराह को पीछे छोड़कर शीर्ष स्थान हासिल किया है। स्टार्क के पास बुमराह से 10 रेटिंग अंक अधिक हैं। बुमराह का नंबर-1 पर पिछला कार्यकाल करीब दो महीने का रहा।
ICC के मुताबिक, बुमराह अब तक कुल 697 दिन टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में नंबर-1 रह चुके हैं। यह किसी भारतीय गेंदबाज के लिए सबसे लंबा कार्यकाल है।
36 की उम्र में भी कायम स्टार्क का जलवा
36 साल की उम्र में भी स्टार्क की रफ्तार और स्विंग का असर बरकरार है। नई गेंद से उनकी सटीक लाइन-लेंथ और घातक स्विंग विपक्षी बल्लेबाजों के लिए लगातार चुनौती बनी हुई है। बांग्लादेश के खिलाफ 10 विकेट का प्रदर्शन उनके टेस्ट करियर के यादगार प्रदर्शनों में शामिल हो गया है।


