भोपाल। मध्य प्रदेश बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक 30 और 31 अगस्त को ऐतिहासिक नगरी ओरछा में आयोजित होगी। बैठक में प्रदेशभर से पार्टी के वरिष्ठ नेता, मंत्री, सांसद, विधायक और संगठन पदाधिकारी शामिल होंगे। करीब 350 से 400 नेताओं के शामिल होने की संभावना है। नेताओं के ओरछा पहुंचने का सिलसिला 29 अगस्त से शुरू हो जाएगा। वहीं, 25 अगस्त को संगठन की एक अहम टोली बैठक प्रस्तावित है।
तैयारियों की पदाधिकारियों ने की समीक्षा
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को ओरछा में बीजेपी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, प्रदेश मंत्री अर्चना सिंह और उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
आयोजन की व्यवस्थाओं की निगरानी की जिम्मेदारी प्रदेश संगठन के वरिष्ठ नेताओं गौरव रणदिवे और शैलेन्द्र बरूआ को सौंपी गई है। दोनों नेता लगातार तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं।
सरकार की योजनाओं पर लगेगी प्रदर्शनी
प्रदेश कार्यसमिति के दौरान केंद्र और मध्य प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सरकार की प्रमुख उपलब्धियों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। बीजेपी नेता लोकेन्द्र पाराशर को प्रदर्शनी की तैयारियों और संचालन की जिम्मेदारी दी गई है।
बैठक के दौरान रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। इनमें बुंदेलखंड की लोक संस्कृति, कला और परंपराओं को प्रमुखता से प्रदर्शित करने की तैयारी है।
400 कमरे बुक, स्टेशन से होटल तक विशेष इंतजाम
प्रदेशभर से आने वाले नेताओं के ठहरने के लिए ओरछा के अलग-अलग होटलों में करीब 400 कमरे बुक किए गए हैं। इनमें ओरछा क्लब एंड रिजॉर्ट, ओरछा पैलेस, राजमहल पैलेस होटल, राजविलास होटल सहित अन्य होटल शामिल हैं।
ओरछा रेलवे स्टेशन से नेताओं को होटल तक पहुंचाने के लिए विशेष परिवहन व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण से होगी। इसके बाद नेता प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे और रजिस्ट्रेशन के बाद मुख्य सभागार में पहुंचेंगे।
106 नियमित और 41 विशेष आमंत्रित सदस्य
बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति में 106 नियमित सदस्य हैं। इसके अलावा 41 विशेष आमंत्रित सदस्यों को भी शामिल किया गया है। पदेन सदस्यों, सांसदों, विधायकों और अन्य पदाधिकारियों को मिलाकर करीब 350 से 400 नेताओं के बैठक में शामिल होने की संभावना है।
मुख्य मंच पर प्रदेश अध्यक्ष के साथ मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के वरिष्ठ मंत्री मौजूद रहेंगे। इनमें तुलसीराम सिलावट, गोविंद सिंह राजपूत, विश्वास सारंग, कुंवर विजय शाह, नारायण सिंह कुशवाहा, प्रद्युम्न सिंह तोमर और कृष्णा गौर समेत अन्य मंत्री शामिल होंगे।
इसके अलावा मध्य प्रदेश से जुड़े केंद्रीय मंत्री, बीजेपी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, लोकसभा और राज्यसभा सांसद तथा विधायक भी बैठक में हिस्सा लेंगे।
संगठन की रणनीति और आगामी कार्यक्रमों पर मंथन
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में बीजेपी के आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार और प्रदेश में पार्टी की राजनीतिक एवं संगठनात्मक रणनीति पर महत्वपूर्ण चर्चा होने की संभावना है। ओरछा में होने वाले इस आयोजन को पार्टी के लिए संगठनात्मक रूप से अहम माना जा रहा है।


