सीहोर। सावन के अंतिम सोमवार और 25 अगस्त को प्रस्तावित कुबेरेश्वरधाम की भव्य कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन और विठलेश सेवा समिति ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। देशभर से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। कांवड़िए सीवन नदी से पवित्र जल लेकर करीब 11 किलोमीटर पैदल चलकर कुबेरेश्वरधाम पहुंचेंगे। लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पार्किंग, यातायात, सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल और भोजन की विशेष व्यवस्था की गई है।
25 अगस्त को निकलेगी 11 किमी लंबी कांवड़ यात्रा
25 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में सीवन नदी तट से कुबेरेश्वरधाम तक कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। श्रद्धालु सीवन नदी से जल भरकर पैदल कुबेरेश्वरधाम पहुंचेंगे। यात्रा मार्ग पर प्रशासन, पुलिस, नगर पालिका और विठलेश सेवा समिति की टीमें तैनात रहेंगी।
तीन रूट पर स्पेशल पार्किंग की व्यवस्था
बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए तीन प्रमुख स्थानों पर पार्किंग बनाई गई है। इंदौर की ओर से आने वाले वाहनों को अलहदाखेड़ी स्टेडियम और आरटीओ कार्यालय के पास पार्क कराया जाएगा। भोपाल की ओर से आने वाले वाहनों के लिए पीजी कॉलेज ग्राउंड, जबकि श्यामपुर मार्ग से आने वाले वाहनों के लिए बीएसआई ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
2 हजार से ज्यादा सेवादार संभालेंगे भोजन व्यवस्था
कुबेरेश्वरधाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था में देशभर से 2 हजार से अधिक सेवादार जुटेंगे। भोजनशाला के अलावा अन्य सेवा कार्यों में भी स्वयंसेवक जिम्मेदारी संभालेंगे। अखंड हिंद फौज के सैकड़ों स्वयंसेवक भी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की व्यवस्था में सहयोग करेंगे।
100 से ज्यादा सेवा स्टॉल, पानी से लेकर प्रसादी तक सुविधा
कांवड़ यात्रा मार्ग पर 100 से अधिक सेवा स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां श्रद्धालुओं को पेयजल, केले, चाय-नाश्ता, फलाहारी खिचड़ी और भोजन प्रसादी उपलब्ध कराई जाएगी। सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के साथ स्थानीय नागरिक भी सेवा कार्यों में भाग लेंगे।
सीवन नदी पर 600 नल, आसानी से भर सकेंगे जल
कांवड़ियों की सुविधा के लिए सीवन नदी के महिला घाट से ब्रिज और कोलीपुरा तिराहे तक करीब 600 नल लगाए गए हैं। नगर पालिका ने पानी की आपूर्ति के लिए चार लाइनें बिछाई हैं और चार मोटर पंप लगाए हैं। इससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु आसानी से पवित्र जल भर सकेंगे।
42 घंटे रहेगा नदी चौराहा नो-व्हीकल जोन
भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए 24 अगस्त की सुबह से 25 अगस्त की रात 12 बजे तक नदी चौराहा क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। बस स्टैंड, तहसील चौराहा, इंदौर नाका, कोलीपुरा तिराहा और ऋषि सुपर बाजार की ओर से आने वाले वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।
पांच मेडिकल प्वाइंट पर मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा
यात्रा मार्ग पर मानक बाग, डीमार्ट, चौपाल सागर, परमार ढाबा और मोगराफूल जोड़ सहित पांच मेडिकल प्वाइंट बनाए गए हैं। कुबेरेश्वरधाम परिसर में वेटिंग एरिया डोम, भगवान शंकर मंदिर, कंकर शंकर पूजा स्थल और पं. रमेश्वर मिश्रा अस्पताल सहित विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
24 अगस्त को 3 क्विंटल फूलों से होगा बाबा का श्रृंगार
सावन के अंतिम सोमवार 24 अगस्त को कुबेरेश्वरधाम में भगवान शिव का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा के अनुसार, बाबा के श्रृंगार में 3 क्विंटल से अधिक फूलों का इस्तेमाल होगा। मुरली मनोहर मंदिर में शिव-पार्वती, राम-सीता और राधा-कृष्ण की प्रतिमाओं का भी विशेष श्रृंगार किया जाएगा। शाम को भव्य आरती होगी।
एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा और भोजन व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। यात्रा के दौरान सीहोर शहर और कुबेरेश्वरधाम क्षेत्र में अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी।


