नई दिल्ली। राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 की घोषणा कर दी गई है। इस बार देश के सर्वोच्च खेल सम्मान मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए किसी भी खिलाड़ी का चयन नहीं किया गया है। वहीं एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, शतरंज, हॉकी, कबड्डी और शूटिंग समेत विभिन्न खेलों के 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। खेल मंत्रालय ने मंगलवार को पुरस्कारों की सूची जारी की।
17 खिलाड़ियों को मिलेगा अर्जुन पुरस्कार
अर्जुन पुरस्कार 2025 के लिए एथलेटिक्स में तेजस्विन शंकर, मोहम्मद अजमल वी और प्रियंका गोस्वामी को चुना गया है। बैडमिंटन में त्रिशा जॉली और पुलेला गायत्री गोपीचंद, जबकि मुक्केबाजी में नरेंद्र को सम्मानित किया जाएगा।
शतरंज में विदित गुजराती और दिव्या देशमुख को अर्जुन पुरस्कार मिलेगा। हॉकी से लालरेमसियामी और राजकुमार पाल, कबड्डी से सुजीत और पूजा को चुना गया है।
इसके अलावा पैरा-शूटिंग से रुद्रांश खंडेलवाल, पैरा एथलेटिक्स से एकता भ्यान, रोइंग से अरविंद सिंह, शूटिंग से अखिल श्योरण और बधिर शूटिंग से धनुष श्रीकांत अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित होंगे।
अर्जुन पुरस्कार लाइफटाइम के लिए आई अरुमनायगम
अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) 2025 के लिए फुटबॉल की आई अरुमनायगम का चयन किया गया है। यह सम्मान ऐसे खिलाड़ियों को दिया जाता है, जिन्होंने सक्रिय खेल जीवन के बाद भी खेलों के विकास और प्रोत्साहन में महत्वपूर्ण योगदान दिया हो।
तीन प्रशिक्षकों को द्रोणाचार्य पुरस्कार
द्रोणाचार्य पुरस्कार 2025 के लिए तीन प्रशिक्षकों का चयन हुआ है। इनमें एथलेटिक्स के परवीर सिंह, मुक्केबाजी के छोटे लाल यादव और शूटिंग की नेहा नंदकुमार चव्हाण शामिल हैं।
वहीं द्रोणाचार्य पुरस्कार (लाइफटाइम) के लिए मुक्केबाजी के धर्मेंद्र सिंह यादव और कुश्ती के वीरेंद्र कुमार को चुना गया है। यह सम्मान लंबे समय तक खिलाड़ियों को तैयार करने और प्रशिक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जाता है।
आर्मी पैरालंपिक नोड, पुणे को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार
राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार 2025 आर्मी पैरालंपिक नोड, पुणे को प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार खेलों के विकास और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने में उल्लेखनीय योगदान देने वाली संस्थाओं को दिया जाता है।
खेल रत्न के लिए इस बार कोई नाम नहीं
राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 में सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए इस बार किसी खिलाड़ी का चयन नहीं हुआ। पुरस्कारों का फैसला पूर्व सुप्रीम कोर्ट न्यायमूर्ति अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर किया गया है।


