भोपाल। रक्षाबंधन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे ने भोपाल और रीवा के बीच कई स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। 25 से 31 अगस्त के बीच अलग-अलग तारीखों पर ये ट्रेनें चलेंगी। इसके साथ ही रीवा-रानी कमलापति वंदे भारत एक्सप्रेस में 8 की जगह 16 कोच वाली रेक संचालित की जा रही है। यह व्यवस्था 7 अगस्त से 24 अक्टूबर तक रहेगी। इससे यात्रियों को अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी।
25 अगस्त से स्पेशल ट्रेनों का संचालन
गाड़ी संख्या 02155 भोपाल-रीवा स्पेशल 25 अगस्त की रात 10:25 बजे भोपाल से रवाना होकर अगले दिन सुबह 7:20 बजे रीवा पहुंचेगी। वापसी में 02156 रीवा-भोपाल स्पेशल 26 अगस्त को शाम 6:35 बजे रीवा से चलेगी और 27 अगस्त की सुबह 4:30 बजे भोपाल पहुंचेगी।
इसी तरह 02189 भोपाल-रीवा स्पेशल 26 और 27 अगस्त को रात 10:25 बजे भोपाल से रवाना होगी। इसकी वापसी सेवा 02190 रीवा-भोपाल स्पेशल 27 अगस्त को दोपहर 12:30 बजे रीवा से चलेगी और रात 9 बजे भोपाल पहुंचेगी।
29 से 31 अगस्त तक भी अतिरिक्त ट्रेनें
02154 रीवा-भोपाल स्पेशल 29 अगस्त को शाम 6:35 बजे रीवा से रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:30 बजे भोपाल पहुंचेगी। 02180 रीवा-भोपाल स्पेशल 30 अगस्त को चलेगी। वहीं 02179 भोपाल-रीवा स्पेशल 31 अगस्त को रात 10:25 बजे भोपाल से रवाना होकर अगले दिन सुबह 7:20 बजे रीवा पहुंचेगी।
इन स्पेशल ट्रेनों का संचालन विदिशा, बीना, सागर, दमोह, कटनी मुड़वारा, मैहर और सतना के रास्ते किया जाएगा।
वंदे भारत में 8 की जगह 16 कोच
त्योहारी सीजन में यात्रियों को अधिक सीटें उपलब्ध कराने के लिए रीवा-रानी कमलापति-रीवा वंदे भारत एक्सप्रेस में 8 की जगह 16 कोच वाली रेक चलाई जा रही है। यह व्यवस्था 7 अगस्त से 24 अक्टूबर तक लागू रहेगी। उपलब्ध जानकारी के अनुसार ट्रेन की सीट/बर्थ क्षमता 530 से बढ़कर 1128 तक हो गई है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के समय, ठहराव और उपलब्धता की जानकारी आधिकारिक रेलवे पूछताछ सेवा, 139 या रेल ऐप के माध्यम से जरूर जांच लें।


