भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में सक्रिय हुए मौसम सिस्टम के कारण जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने रविवार से 18 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ स्थानों पर 4 इंच या उससे ज्यादा बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 16 से 18 अगस्त तक पूर्वी मध्य प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा भोपाल और ग्वालियर-चंबल संभाग में भी मौसम का असर दिखाई देगा।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
जबलपुर, सागर, नरसिंहपुर, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, पन्ना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, रायसेन और नर्मदापुरम में तेज बारिश के आसार हैं।
21.4 इंच बारिश के बाद भी सामान्य से पीछे MP
मध्य प्रदेश में मानसून सीजन के दौरान अब तक 544.4 मिलीमीटर यानी करीब 21.4 इंच बारिश दर्ज की गई है। हालांकि सामान्य बारिश के आंकड़े से प्रदेश अभी पीछे चल रहा है।
इस अवधि में सामान्य बारिश करीब 24.4 इंच होनी चाहिए थी। यानी प्रदेश में अभी करीब 3 इंच बारिश की कमी बनी हुई है। राज्य में कुल बारिश सामान्य से करीब 12 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।
पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश की कमी 18 प्रतिशत और पश्चिमी मध्य प्रदेश में करीब 6 प्रतिशत है।
12 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
प्रदेश के 12 जिलों में अब तक सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। इनमें भोपाल, गुना, सीहोर, राजगढ़, ग्वालियर, अनूपपुर, भिंड, बुरहानपुर, देवास, बड़वानी, खंडवा, खरगोन शामिल हैं।
जुलाई में सुधरे हालात, जून की कमी अब भी बरकरार
जून महीने में मध्य प्रदेश में सामान्य से करीब 14 प्रतिशत कम बारिश हुई थी। जुलाई की शुरुआत में हुई तेज बारिश से स्थिति में सुधार आया और महीने का बारिश कोटा पूरा हो गया।
हालांकि, इसके बाद मानसून में दो बार ब्रेक आने से कई दिनों तक बारिश कमजोर रही। अब अगस्त में सक्रिय हुए नए सिस्टम से पूर्वी जिलों में बारिश का दौर फिर तेज हुआ है, लेकिन जून की कमी अभी पूरी नहीं हो सकी है।
मध्य प्रदेश में पूरे मानसून सीजन की सामान्य बारिश करीब 37.3 इंच है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर जैसे बड़े शहरों में सामान्य बारिश का आंकड़ा करीब 38 से 39 इंच के आसपास रहता है।


