बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से फिर सक्रिय हुआ मानसून
भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को प्रदेश के पूर्वी हिस्से में बारिश का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, अगले 24 घंटे के दौरान 12 जिलों में 4 इंच या उससे अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में सागर, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, कटनी, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली शामिल हैं। भारी बारिश के कारण कुछ स्थानों पर जलभराव होने के साथ नदी-नालों का जलस्तर बढ़ सकता है।
40 से ज्यादा जिलों में बारिश के आसार
पूर्वी मध्य प्रदेश के अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, मैहर, उमरिया, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी बारिश होने की संभावना है।
इन जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
बंगाल की खाड़ी का सिस्टम बढ़ा रहा बारिश
मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में 12 अगस्त की सुबह बना निम्न दबाव क्षेत्र 13 अगस्त की सुबह दबाव वाले क्षेत्र में बदल गया। यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में पश्चिम बंगाल और झारखंड की ओर बढ़ रहा है।
इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से मानसून की द्रोणिका भी सक्रिय बनी हुई है। इसके चलते मध्य प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पूर्वी हिस्से में इसका सबसे ज्यादा प्रभाव देखने को मिल सकता है।
MP में सामान्य से 2.8 इंच कम बारिश
मध्य प्रदेश में अब तक करीब 524.8 मिलीमीटर यानी 20.7 इंच बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में सामान्य बारिश करीब 597 मिलीमीटर यानी 23.5 इंच होनी चाहिए थी। इस लिहाज से प्रदेश में अब तक करीब 2.8 इंच बारिश कम हुई है।
कुल बारिश सामान्य से करीब 12 प्रतिशत कम है। पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश की कमी करीब 20 प्रतिशत, जबकि पश्चिमी हिस्से में करीब 5 प्रतिशत है। जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में भी बारिश सामान्य से करीब 19 प्रतिशत तक कम हुई है।
इन जिलों में 5 से 53% तक कम बारिश
बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़ और उमरिया में सामान्य से 5 से 53 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है।
वहीं पश्चिमी मध्य प्रदेश में आगर-मालवा, अलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, दतिया, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, मुरैना, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, रायसेन, रतलाम, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, उज्जैन और विदिशा में सामान्य से 3 से 47 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है।
इन 12 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
प्रदेश के भोपाल, गुना, सीहोर, राजगढ़, ग्वालियर, अनूपपुर, भिंड, बुरहानपुर, देवास, बड़वानी, खंडवा और खरगोन में अब तक सामान्य से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है।


