आरपीएफ-जीआरपी ने बढ़ाई सुरक्षा; पार्किंग से प्लेटफॉर्म तक निगरानी
भोपाल। स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) को देखते हुए राजधानी भोपाल में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। भोपाल रेलवे स्टेशन और रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी ने हाई अलर्ट जारी करते हुए विशेष सुरक्षा अभियान शुरू कर दिया है।
रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगातार चेकिंग और गश्त की जा रही है। आरपीएफ के डॉग स्क्वॉड को भी जांच अभियान में लगाया गया है। प्लेटफॉर्म, प्रवेश द्वार, पार्किंग क्षेत्र और स्टेशन के आसपास के इलाकों में जवानों की तैनाती की गई है।
26 सदस्यीय जीआरपी टीम संभाल रही सुरक्षा व्यवस्था
स्वतंत्रता दिवस तक चलने वाले विशेष अभियान के तहत भोपाल और रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर जीआरपी की करीब 26 सदस्यीय टीम तैनात की गई है। टीम स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों, संदिग्ध सामान और लावारिस वस्तुओं की जांच कर रही है।
सुरक्षा बलों की ओर से सामान्य चेकिंग के साथ ही जरूरत पड़ने पर अचानक तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने सभी जवानों को संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
प्लेटफॉर्म से पार्किंग तक बढ़ाई गई निगरानी
रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर, प्रवेश और निकास द्वार के अलावा पार्किंग क्षेत्रों में भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है।
रानी कमलापति स्टेशन की पार्किंग पर विशेष नजर
रानी कमलापति रेलवे स्टेशन की पार्किंग व्यवस्था पर भी सुरक्षा एजेंसियों की नजर है। हाल ही में पार्किंग क्षेत्र में कुछ लोगों के ड्रिंक पार्टी करने का मामला सामने आने के बाद जीआरपी ने यहां गश्त और निगरानी बढ़ा दी है।
अब पार्किंग क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।


