भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने संगठनात्मक ढांचे में व्यापक बदलाव की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर तक सभी विभागों और प्रकोष्ठों की इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। पार्टी का कहना है कि यह कदम संगठन के पुनर्गठन अभियान के तहत उठाया गया है, ताकि संगठन को अधिक सक्रिय, प्रभावी और मजबूत बनाया जा सके।
दिल्ली में पिछले दो दिनों से चल रही कांग्रेस के ‘संगठन सृजन अभियान’ की समीक्षा बैठक में प्रदेश संगठन की कार्यप्रणाली और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया। इसी बैठक के बाद सभी विभागों और प्रकोष्ठों को भंग करने का निर्णय लिया गया।
प्रदेश प्रभारी ने जारी किए आदेश
मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी ने आधिकारिक आदेश जारी करते हुए प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर तक गठित सभी विभागों और प्रकोष्ठों की इकाइयों को तत्काल प्रभाव से समाप्त करने के निर्देश दिए हैं।
जल्द होगा नए संगठन का गठन
पार्टी के इस निर्णय को संगठन में बड़े बदलाव की शुरुआत माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, जल्द ही नए पदाधिकारियों की नियुक्ति के साथ विभागों और प्रकोष्ठों का नए सिरे से गठन किया जाएगा। कांग्रेस नेतृत्व का उद्देश्य आगामी चुनावों और राजनीतिक गतिविधियों को देखते हुए संगठन को अधिक मजबूत और सक्रिय बनाना है।



