ग्लास्गो। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के तीसरे दिन भी भारत को पदक का इंतजार रहा। भारतीय तैराक फाइनल में जगह बनाने में असफल रहे, जबकि महिला व्हीलचेयर 3×3 बास्केटबॉल टीम को करारी हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, मुक्केबाज सचिन सिवाच ने शानदार जीत के साथ अगले दौर में प्रवेश किया और महिला लॉन बॉल पेयर्स टीम ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल की उम्मीदें बरकरार रखीं।
तैराकी में नहीं मिली सफलता
पुरुषों की 400 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में भारत के धक्षन शशिकुमार और आर्यन नेहरा फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सके। टोलक्रॉस स्विमिंग सेंटर में आयोजित हीट में शशिकुमार ने 3:58.09 मिनट का समय लेकर 15वां स्थान हासिल किया, जबकि आर्यन नेहरा 4:00.26 मिनट के साथ 16वें स्थान पर रहे।
शशिकुमार ने शुरुआती दौर में अच्छी चुनौती पेश की, लेकिन अंतिम चरण में गति बनाए नहीं रख सके। वहीं आर्यन शुरुआत से ही पिछड़ गए और फाइनल की दौड़ से बाहर हो गए।
व्हीलचेयर बास्केटबॉल में वेल्स से करारी हार
महिला व्हीलचेयर 3×3 बास्केटबॉल के ग्रुप-बी मुकाबले में भारत को वेल्स के खिलाफ 1-16 से एकतरफा हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम पूरे मैच में केवल एक अंक ही जुटा सकी। अब टीम को सेमीफाइनल की उम्मीद बनाए रखने के लिए अपने अगले मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
सचिन सिवाच ने अगले दौर में बनाई जगह
भारतीय मुक्केबाज सचिन सिवाच ने पुरुषों के 60 किग्रा वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए राउंड ऑफ-16 में प्रवेश किया। उन्होंने कनाडा के केओमा अल अहमदिहे को 4-1 के विभाजित फैसले से हराया। केओमा 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स के कांस्य पदक विजेता रहे हैं, ऐसे में सचिन की यह जीत भारत के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
महिला लॉन बॉल टीम की सेमीफाइनल उम्मीदें बरकरार
महिला लॉन बॉल पेयर्स स्पर्धा में रूपा रानी टिर्की और पिंकी सिंह की भारतीय जोड़ी ने टोंगा को टाई-ब्रेकर में 2-0 से हराकर सेमीफाइनल की दौड़ में खुद को बनाए रखा। दोनों खिलाड़ी 2022 बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रह चुकी हैं।
सेक्शन-बी में भारत और इंग्लैंड दोनों ने अपने तीनों मुकाबले जीते हैं, हालांकि अतिरिक्त सेट जीतने के कारण इंग्लैंड अंक तालिका में भारत से आगे है।
पुतुल सोनोवाल को मिली हार
पुरुष एकल लॉन बॉल मुकाबले में भारत के पुतुल सोनोवाल को मलेशिया के इज्जात शमीर के खिलाफ 0-2 (4-8, 8-9) से हार झेलनी पड़ी। हालांकि, इस हार के बावजूद वह सेक्शन-डी की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। अब उनका अगला मुकाबला माल्टा के शॉन जेम्स पार्निस से होगा।


