भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग ने ‘नारी सशक्तिकरण मिशन’ के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए राष्ट्रीय स्तर पर लोगो डिज़ाइन प्रतियोगिता शुरू की है। प्रतियोगिता का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण तथा ‘महिला नेतृत्व आधारित विकास’ (Women-Led Development) की अवधारणा को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत करने वाले आकर्षक और मौलिक लोगो का चयन करना है।
प्रतियोगिता में देशभर के सभी आयु वर्ग के नागरिक भाग ले सकते हैं। इच्छुक प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियां 7 अगस्त 2026 तक mp.mygov.in पोर्टल पर ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक ही प्रविष्टि भेज सकेगा और डिज़ाइन पूरी तरह मौलिक होना अनिवार्य होगा।
विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार लोगो रंगीन, 600 डीपीआई गुणवत्ता वाला तथा जेपीजी या पीएनजी प्रारूप में होना चाहिए। इसका आकार न्यूनतम 5×5 सेंटीमीटर और अधिकतम 30×30 सेंटीमीटर निर्धारित किया गया है, ताकि इसे शासकीय पत्राचार, सोशल मीडिया, होर्डिंग, ब्रोशर और अन्य प्रचार सामग्री में आसानी से उपयोग किया जा सके। किसी भी प्रकार के वॉटरमार्क वाले डिज़ाइन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
किसको कितना इनाम
प्रतियोगिता में चयनित सर्वश्रेष्ठ लोगो डिज़ाइन को 11 हजार रुपये का प्रथम पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा चार उत्कृष्ट प्रविष्टियों को 5-5 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। सभी प्रतिभागियों को ई-सर्टिफिकेट भी जारी किए जाएंगे।
कैसे देना है लोगो
विभाग ने स्पष्ट किया है कि पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को अपने लोगो की एडिटेबल (ओपन) फाइल उपलब्ध करानी होगी। इसके बाद चयनित डिज़ाइन के सभी कॉपीराइट महिला एवं बाल विकास विभाग, मध्यप्रदेश के पास सुरक्षित रहेंगे।


