भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह बोले- राजा और रंक के बीच का चुनाव
दतिया/भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को दतिया के होटल रतन रॉयल में आयोजित बैठक में भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत, अनुशासन और समर्पण के साथ चुनावी मैदान में उतरने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि दतिया विधानसभा उपचुनाव केवल चुनाव नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण राजनीतिक मुकाबला है। उन्होंने इसे “राजा और रंक के बीच का चुनाव” बताते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी ऊर्जा और जिम्मेदारी के साथ जनता के बीच पहुंचना होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की जीत सुनिश्चित करना जरूरी है।
डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन अपने करोड़ों कार्यकर्ताओं की मेहनत, निष्ठा और समर्पण के कारण बनी है। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जनधन योजना, आयुष्मान भारत सहित अनेक योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर संपर्क कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं।
बूथ मजबूती ही भाजपा की जीत का आधार: अजय जामवाल
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि चुनाव में बूथ स्तर की मजबूती ही विजय का सबसे बड़ा आधार होती है। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता से अपने बूथ को जिम्मेदारी मानकर योजनाबद्ध तरीके से काम करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता अपने बूथ पर मतदान प्रतिशत बढ़ाने और भाजपा के पक्ष में अधिक से अधिक मतों की बढ़त दिलाने का लक्ष्य लेकर काम करे। घर-घर जनसंपर्क कर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाई जाए तथा मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित किया जाए।
बैठक में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बरुआ, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, संभाग प्रभारी अभय यादव, जिला अध्यक्ष रघुवीर कुशवाहा सहित पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा नेताओं ने दावा किया कि संगठन की एकजुटता, बूथ प्रबंधन और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर पार्टी दतिया उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।


