दतिया में नामांकन के साथ चुनावी रण तेज, भाजपा और कांग्रेस ने शक्ति प्रदर्शन कर झोंकी पूरी ताकत
भोपाल/दतिया। मध्यप्रदेश की हाई-प्रोफाइल दतिया विधानसभा उपचुनाव अब पूरी तरह चुनावी रंग में आ गया है। सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पहले भाजपा ने शहर में विशाल शक्ति प्रदर्शन किया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।
मोहन यादव और नरोत्तम मिश्रा की मौजूदगी बनी चर्चा का केंद्र
नामांकन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा एक साथ मंच साझा करते नजर आए। राजनीतिक जानकार इसे भाजपा की एकजुटता का स्पष्ट संदेश मान रहे हैं। टिकट वितरण को लेकर पिछले दिनों उठे विवाद के बाद दोनों नेताओं का साथ दिखना संगठन के लिए महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।
टिकट बदलने के फैसले के बाद हुआ था विरोध
दतिया से भाजपा उम्मीदवार घोषित होने से पहले डॉ. नरोत्तम मिश्रा का नाम सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा था। उन्होंने नामांकन पत्र भी खरीद लिया था, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने अंतिम समय में संगठन से जुड़े नेता आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी घोषित कर दिया।
इसके बाद डॉ. मिश्रा के समर्थकों ने दतिया में विरोध प्रदर्शन, नारेबाजी और सड़क जाम जैसे कार्यक्रम किए। हालांकि बाद में डॉ. मिश्रा ने स्वयं कार्यकर्ताओं से संयम बरतने की अपील की और पार्टी के निर्णय का सम्मान करते हुए आशुतोष तिवारी के समर्थन में चुनाव प्रचार करने का ऐलान किया।
कांग्रेस ने भी दिखाई ताकत
भाजपा से पहले कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके साथ ही दतिया में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला तय हो गया है।
क्यों हो रहा है दतिया विधानसभा उपचुनाव?
दतिया विधानसभा सीट कांग्रेस के तत्कालीन विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद रिक्त हुई थी। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सहकारी बैंक घोटाला मामले में उन्हें तीन वर्ष की सजा सुनाई थी। इसके बाद विधानसभा सचिवालय ने उनकी सदस्यता समाप्त कर दी, जिसके चलते निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव की घोषणा की।
दतिया उपचुनाव 2026 का कार्यक्रम
नामांकन की अंतिम तिथि: 13 जुलाई 2026
नामांकन पत्रों की जांच: 14 जुलाई 2026
नाम वापसी की अंतिम तिथि: 16 जुलाई 2026
मतदान: 30 जुलाई 2026
मतगणना: 3 अगस्त 2026
दतिया विधानसभा उपचुनाव भाजपा और कांग्रेस, दोनों के लिए प्रतिष्ठा का चुनाव बन गया है। भाजपा इस सीट पर जीत दर्ज कर राजनीतिक बढ़त हासिल करना चाहती है, जबकि कांग्रेस अपनी सीट बचाने के लिए पूरी ताकत के साथ मैदान में है। आने वाले दिनों में दोनों दलों के दिग्गज नेताओं की सभाओं और चुनाव प्रचार से मुकाबला और अधिक दिलचस्प होने की उम्मीद है।


