कांग्रेस नेताओं ने शिक्षा, रोजगार और युवाओं के अधिकारों पर उठाई आवाज, प्रदेशभर से पहुंचे आदिवासी सांस्कृतिक दलों ने दी शानदार प्रस्तुतियां
भोपाल। राजधानी भोपाल के सिंधु भवन में रविवार को कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत ‘आदिवासी Gen Z फेस्ट’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से आए आदिवासी सांस्कृतिक दलों ने अपनी लोक कला, लोक संगीत और पारंपरिक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। महाराष्ट्र की चर्चित आदिवासी रैपर माही जी की प्रस्तुति कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही, जिसमें बड़ी संख्या में मौजूद युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की सदस्य एवं तेलंगाना कांग्रेस प्रभारी मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश के छात्रों और युवाओं की आकांक्षाओं का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि आदिवासी युवाओं की प्रतिभा, संस्कृति और नेतृत्व क्षमता को आगे बढ़ाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि देश का युवा आज शिक्षा, रोजगार और बेहतर अवसरों की चुनौतियों का सामना कर रहा है। कांग्रेस छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई पूरी प्रतिबद्धता के साथ लड़ रही है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति, संघर्ष और विरासत देश की अमूल्य धरोहर है। युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है, ताकि वे अपने सपनों को साकार कर सकें।
अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने कहा कि आदिवासी युवा केवल अपनी परंपराओं के संरक्षक ही नहीं, बल्कि भारत के भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे अभियान युवाओं को अपनी बात रखने और सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बनने का अवसर प्रदान करते हैं।
अभियान के समन्वयक एवं एआईसीसी कॉर्डिनेटर डॉ. अंशुल त्रिवेदी ने कहा कि आज आदिवासी युवा भी भारत के Gen Z नेतृत्व का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनकी प्रतिभा, संस्कृति और आवाज को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम के अंत में NSUI प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को आने वाले समय में प्रदेश के प्रत्येक जिले और हर छात्र तक पहुंचाया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, विधायक आरिफ मसूद, आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम, आदिवासी कांग्रेस एवं NSUI के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में छात्र-युवा उपस्थित रहे।


