भोपाल। मध्य प्रदेश की मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना से जुड़ी 1 करोड़ 25 लाख से अधिक महिलाओं के लिए रविवार राहत और खुशी की खबर लेकर आया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भिंड जिले के लहार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान योजना की 38वीं किस्त जारी करेंगे। एक क्लिक के माध्यम से 1 करोड़ 25 लाख 15 हजार से अधिक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1835 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी।
योजना के तहत प्रत्येक पात्र महिला के खाते में 1500 रुपये की मासिक सहायता राशि भेजी जाएगी। राज्य सरकार ने नवंबर 2025 से इस योजना की सहायता राशि 1250 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये कर दी थी। जून 2023 में शुरू हुई इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत अब तक 37 किस्तों का सफलतापूर्वक वितरण किया जा चुका है और रविवार को 38वीं किस्त जारी होगी।
322 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लहार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र को 322 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात भी देंगे। कार्यक्रम में 238.96 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 40 विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा, जबकि 83.33 करोड़ रुपये की लागत वाली 16 नई परियोजनाओं का भूमिपूजन और शिलान्यास भी होगा।
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर सरकार का फोकस
राज्य सरकार के अनुसार, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें नियमित वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है। सरकार का दावा है कि इस योजना से लाखों महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। लहार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभार्थी महिलाओं के शामिल होने की संभावना है।


