आनंद भार्गव
गुना। मध्य प्रदेश के गुना में दिनदहाड़े हुई 17 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट के मामले में पुलिस ने महज 18 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने भोपाल से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम भी बरामद हुई है।
जानकारी के मुताबिक, कुंभराज के धनिया व्यापारियों के सहयोगी वासुदेव शर्मा से बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे शीतला माता मंदिर क्षेत्र में 17 लाख रुपये लूट लिए गए थे। वारदात के बाद तीनों आरोपी अलग-अलग रास्तों से फरार हो गए थे। इनमें से दो आरोपी आरोन के जंगलों से होते हुए भोपाल पहुंच गए, जहां पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
छह टीमों ने चलाया लगातार ऑपरेशन
घटना के तुरंत बाद पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन में छह विशेष टीमें गठित की गई थीं। लगातार पीछा करने के बाद पुलिस ने भोपाल से राघव शर्मा और सौरभ यादव को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, तीसरा आरोपी रुद्र गोस्वामी, निवासी आरोन, अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
ऑपरेशन के टांकों के साथ ही पहुंच गया लूट करने
पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी राघव शर्मा का हाल ही में ऑपरेशन हुआ था। उसके शरीर पर अभी भी टांके लगे हुए थे। इसके बावजूद उसने इतनी बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने में सक्रिय भूमिका निभाई। यह तथ्य पुलिस के लिए भी हैरानी का विषय बना हुआ है।
आईजी ने घोषित किया था इनाम
वारदात के समय गुना जिले के दौरे पर मौजूद आईजी अरविंद सक्सेना ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की थी। इसके बाद पुलिस की टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि फरार तीसरे आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


