पन्ना-छतरपुर में बाढ़ जैसे हालात, कई रास्ते बंद
भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून का असर लगातार तेज बना हुआ है। प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के चलते हालात बिगड़ने लगे हैं। पन्ना, छतरपुर, खंडवा समेत कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। कई नदी-नाले उफान पर हैं, जबकि कुछ मार्गों पर आवागमन प्रभावित हुआ है।
मौसम विभाग भोपाल ने प्रदेश में अगले चार दिनों तक भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में 24 घंटे के दौरान 4 से 8 इंच तक बारिश होने की संभावना है।
28 जिलों में बारिश का अलर्ट
बुधवार को श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, सागर और टीकमगढ़ में अति भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, छतरपुर, दमोह, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, रायसेन, नर्मदापुरम, विदिशा, सीहोर, राजगढ़, आगर-मालवा, उज्जैन, इंदौर, धार, झाबुआ, नीमच और मंदसौर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा आलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, बैतूल, देवास, भोपाल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, मैहर और सिंगरौली में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।
खजुराहो में रास्ते बंद, पन्ना में जलभराव
मंगलवार को हुई तेज बारिश से कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ। छतरपुर के खजुराहो में बारिश के कारण कई रास्तों पर पानी भर गया। पन्ना जिले में भी जलभराव की स्थिति देखने को मिली।
बड़वानी जिले के सेंधवा में स्थित सीएम राइज स्कूल में कक्षा 9वीं के कमरे की छत का प्लास्टर गिरने से दो छात्राएं घायल हो गईं।
इंदौर के खुड़ैल रोड स्थित जेतकरण गांव में सड़क धंसने से स्कूली बच्चों की आवाजाही प्रभावित हुई। ग्रामीणों ने उफनते नाले को पार कराने के लिए मानव शृंखला बनाकर बच्चों को सुरक्षित निकाला।
इंदौर में बारिश के बीच अनोखी शादी
इंदौर के कैट रोड स्थित एक मैरिज गार्डन में भारी बारिश के कारण पानी भर गया। जलभराव के बीच दूल्हे वैभव ने दुल्हन पूर्वा को गोद में उठाकर विवाह स्थल तक पहुंचाया। पानी में जूते-चप्पल तैरते नजर आए, लेकिन इसके बावजूद शादी की रस्में उत्साह के साथ पूरी की गईं।
मंगलवार को कहां कितनी बारिश हुई
प्रदेश के 29 जिलों में मंगलवार को बारिश दर्ज की गई। छतरपुर के खजुराहो में सबसे ज्यादा करीब पौने 2 इंच बारिश हुई। धार में डेढ़ इंच से अधिक, राजगढ़ में सवा इंच, रतलाम और उज्जैन में करीब पौने इंच तथा भोपाल, सागर और खरगोन में आधा इंच बारिश रिकॉर्ड की गई।
बारिश से तापमान में गिरावट
लगातार बारिश के कारण प्रदेश में मौसम सुहावना हो गया है। दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
इंदौर: 30.2 डिग्री सेल्सियस
जबलपुर: 30.6 डिग्री सेल्सियस
भोपाल: 31 डिग्री सेल्सियस
उज्जैन: 31.5 डिग्री सेल्सियस
ग्वालियर: 33.4 डिग्री सेल्सियस
श्योपुर में सबसे अधिक 34.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि मलाजखंड में सबसे कम 25.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
MP में सामान्य से ज्यादा बारिश
मध्य प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। 6 जुलाई तक प्रदेश में कुल 200.5 मिमी यानी करीब 8 इंच बारिश हो चुकी है। यह सामान्य बारिश 191.3 मिमी से करीब 5 प्रतिशत ज्यादा है।
प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में सामान्य से 21 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है, जबकि पूर्वी हिस्से में बारिश 12 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।


