भोपाल/आलीराजपुर। मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री नागर सिंह चौहान को लेकर एक महिला के वीडियो ने राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा कर दी है। महिला ने वीडियो जारी कर दावा किया है कि वह करीब 20 साल से मंत्री के साथ रिश्ते में है। उसने भाजपा सांसद और मंत्री की पत्नी अनीता चौहान पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप भी लगाए हैं। हालांकि, मंत्री ने महिला के आरोपों को झूठा बताते हुए इसे अपने खिलाफ राजनीतिक साजिश करार दिया है।
महिला ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से हस्तक्षेप कर अपने अधिकार दिलाने की मांग की है। उसने अपनी और अपने बेटे की सुरक्षा को लेकर भी आशंका जताई है। महिला का आरोप है कि उसे और उसके बेटे को ऐसे संदेश भेजे गए, जिनसे उनका परिवार मानसिक रूप से परेशान हुआ।
18 साल की उम्र से रिश्ते में होने का दावा
महिला ने वीडियो में कहा कि जब वह 18 साल की थी, तभी से नागर सिंह चौहान के साथ रिश्ते में है। उसके मुताबिक, दोनों पति-पत्नी की तरह रहे और मंत्री ने जीवनभर साथ निभाने का भरोसा दिया था। महिला ने दावा किया कि वह मंत्री के आधिकारिक आवास के बजाय अलग घर में रहती थी और उनके कहे अनुसार अपना जीवन बिताती रही।
महिला ने यह भी कहा कि वह कई बार गर्भवती हुई। हालांकि, उसने मंत्री के साथ अपने संबंधों और बच्चों को लेकर जो बातें कहीं, उनके समर्थन में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
सांसद अनीता चौहान पर बेटे को संदेश भेजने का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि सांसद अनीता चौहान ने उसे आपत्तिजनक संदेश भेजे। उसके मुताबिक, उसके बेटे को भी संदेश भेजे गए, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हुआ और परीक्षा तक नहीं दे पाया। महिला ने वीडियो में बेटे के पिता की पहचान स्पष्ट नहीं की है।
उसने दावा किया कि सांसद से बातचीत कर अपनी बात रखने की कोशिश की, लेकिन उसे सकारात्मक जवाब नहीं मिला। महिला के मुताबिक, वह लंबे समय तक चुप रही, मगर अब मानसिक परेशानी के चलते सार्वजनिक रूप से अपनी बात रख रही है।
मंत्री के घर जाने की बात कहकर सुरक्षा की चिंता जताई
महिला ने वीडियो में कहा कि वह मंत्री नागर सिंह चौहान के घर जाने वाली है। उसने आशंका जताई कि वहां उसके साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसके लिए सांसद अनीता चौहान और उनका परिवार जिम्मेदार होगा। उसने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप करने और अपने अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।
मंत्री ने आरोपों को बताया झूठा
महिला के दावों पर मंत्री नागर सिंह चौहान ने कहा कि महिला आलीराजपुर की रहने वाली है। उनके मुताबिक, उनके पिता और महिला के पिता साथ रहते थे तथा दोनों परिवारों के बीच पारिवारिक संबंध हैं। मंत्री ने महिला के वीडियो में लगाए गए आरोपों को झूठा बताते हुए अपने खिलाफ राजनीतिक साजिश होने की बात कही है।


