आइची-नागोया, जापान। Asian Para Games 2026: एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। सोमवार को पैरा एथलेटिक्स में निषाद कुमार, सौम्या और रिंकू ने स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। इससे पहले पैरा निशानेबाजी में मोना अग्रवाल ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारत अब तक चार स्वर्ण, पांच रजत और दो कांस्य सहित कुल 11 पदक जीत चुका है। इसके साथ ही भारतीय दल पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया है।
निषाद कुमार ने लंबी कूद में जीता स्वर्ण
दो बार के पैरालंपिक रजत पदक विजेता निषाद कुमार ने पुरुषों की टी47 लंबी कूद स्पर्धा में 7.11 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने दूसरे प्रयास में 7.09 मीटर की छलांग के साथ बढ़त बनाई और तीसरे प्रयास में इसे और बेहतर किया। उज्बेकिस्तान के ओमादबेक खासानोव ने 6.99 मीटर के साथ रजत, जबकि श्रीलंका के मोहम्मदू सफरान ने 6.55 मीटर की छलांग लगाकर कांस्य पदक जीता।
सौम्या और रिंकू ने भी बढ़ाया देश का गौरव
महिलाओं की 1500 मीटर टी12/टी13 दौड़ में सौम्या ने अपने गाइड भारत कुमार के साथ 5 मिनट 12.39 सेकंड में दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक जीता। यह उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। इसी स्पर्धा में भारत की राधा वेंकटेश ने 5 मिनट 30.90 सेकंड का समय दर्ज किया।
पुरुषों की एफ46 भाला फेंक स्पर्धा में रिंकू ने अंतिम प्रयास में 65.11 मीटर दूर भाला फेंककर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मुकाबले में अजीत सिंह शुरुआत से आगे चल रहे थे, लेकिन रिंकू के आखिरी थ्रो ने परिणाम बदल दिया। अजीत सिंह को रजत पदक मिला।
निशानेबाजी में मोना को स्वर्ण, अवनी को रजत
पैरा शूटिंग की महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल एसएच1 स्पर्धा में मोना अग्रवाल ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि अवनी लेखरा ने रजत पदक हासिल किया। इस तरह निशानेबाजी में भी भारत को दो पदक मिले।
तैराकी और जूडो में भी मिली सफलता
तैराकी की पुरुषों की फ्रीस्टाइल एस13 स्पर्धा में रवि कार्तिक बुडिगिना ने 56.80 सेकंड का समय निकालकर रजत पदक जीता। उज्बेकिस्तान के एगो बोलोतोव ने 52.90 सेकंड के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया।
पैरा जूडो में भारत को एक रजत और एक कांस्य पदक मिला। हालांकि, पैरा पावरलिफ्टिंग में मनीष कुमार पुरुषों के 59 किलोग्राम वर्ग में चौथे स्थान पर रहे। तीसरे और अंतिम प्रयास में 183 किलोग्राम वजन नहीं उठा पाने के कारण वह पदक से चूक गए। परमजीत कुमार सातवें स्थान पर रहे। तैराकी की 100 मीटर बैकस्ट्रोक एस11 स्पर्धा में हिमांशु नंदल भी पदक नहीं जीत सके।
पैरा एथलेटिक्स में भारत का दबदबा
भारत को अब तक पैरा एथलेटिक्स में सबसे अधिक छह पदक मिले हैं। इनमें तीन स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य शामिल हैं। पैरा शूटिंग में दो पदक, पैरा जूडो में दो पदक और पैरा तैराकी में एक रजत पदक भारत के खाते में आया है।
भारत के पदकों का ब्योरा
स्वर्ण पदक: 4
रजत पदक: 5
कांस्य पदक: 2
कुल पदक: 11
भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से पदक तालिका में देश की स्थिति मजबूत हुई है। अब भारतीय दल की नजर आगामी स्पर्धाओं में भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए पदकों की संख्या बढ़ाने पर रहेगी।


